Rajasthan News :आत्म निर्भर भारत, स्वस्थ भारत के लक्ष्य को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एच.पी.वी. ) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की। उन्होंने 9 से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीका लगाए जाने के बाद उनसे संवाद भी किया। इस मौके पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद रहे।
वहीं प्रदेशवासियों को 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत के 43 प्रमुख कार्यों एवं परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण की सौगात दी। इसमें लगभग 8 हजार 554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से तथा करीब 8 हजार 132 करोड़ रुपये की 9 प्रमुख परियोजनाएं केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी हैं। इन विभागों में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, ऊर्जा, जल संसाधन, उद्योग, सार्वजनिक निर्माण, नगरीय विकास एवं आवासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्रमुख हैं। वहीं पीएम ने 4 हजार 516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें लगभग 1 हजार 208 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे व 1 हजार 114 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें 3 हजार 320 पटवारी (राजस्व), 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, 281 पशु परिचर, 3 हजार 822 सीएचओ, 472 फार्मा असिस्टेंट, 203 कम्पाउन्डर आयुर्वेद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर 335, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्सिंग ट्यूटर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय एवं खनन विभाग में विभिन्न पदों पर 101 सहित स्कूल शिक्षा एवं अन्य विभागों की नियुक्तियां शामिल हैं।
वहीं विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी सरकार सत्ता भाव से नहीं, संवेदनशीलता के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है। इन दो साल में राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र पर हम लगातार काम कर रहे हैं। विकास के जिन वादों के साथ राजस्थान में डबल इंजन सरकार सेवा में आई थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि अगर मां स्वस्थ होती है, तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम रहता है। इसी भावना से केन्द्र सरकार ने महिलाओं को संबल देने वाली अनेक योजनाएं चलाई हैं। वर्ष 2014 से पहले के दौर में शौचालय की समुचित सुविधा नहीं होने से बहनों-बेटियों को पीड़ा और अपमान झेलना पड़ता था। अलग टॉयलेट की सुविधा नहीं होने के कारण बच्चियां स्कूल छोड़ देती थी। पहले इन समस्याओं की चर्चा तक नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि हमने इन समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ मिशन मोड पर समाधान किया। गर्भावस्था के दौरान मां को पोषक आहार मिल सके इसके लिए 5 हजार रुपए बहनों के खाते में जमा करने की मातृ वंदना योजना शुरु की। महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्जवला गैस योजना की शुरूआत की।
पीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन राजस्थान की पूर्ववर्ती सरकार ने सिंचाई की परियोजनाओं को दशकों तक लटकाए रखा। ईआरसीपी परियोजना को फाइलों और घोषणाओं में उलझाकर रखा लेकिन हमारी सरकार ने आते ही इस स्कीम को फाइलों से निकालकर धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना हो या यमुना-राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट, नदियों को जोड़ने के अभियान का राजस्थान को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

