हिसार : कृषि क्षेत्र की किसी वास्तविक समस्या का नया और उपयोगी समाधान आपके पास है, तो अब उसे व्यवसाय में बदलने का अवसर भी आपके पास है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार स्थित एग्री-बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर (एबिक) ने पीएम-आरकेवीवाई नवाचार एवं कृषि उद्यमिता कार्यक्रम के कोहार्ट 8.0 के लिए पूरे हरियाणा प्रदेश से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित कर दी गई है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी. आर. काम्बोज ने कहा कि हरियाणा में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में नवाचार और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को कृषि की समस्याओं को केवल चुनौती के रूप में नहीं, बल्कि नए समाधान और व्यवसाय के अवसर के रूप में देखना चाहिए। ऐसे प्रयास किसानों की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी पैदा कर सकते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे नवीन विचारों और तकनीकों को आगे बढ़ाना है, जिन्हें हरियाणा में ही व्यावसायिक उद्यम के रूप में स्थापित किया जा सके।
चयनित और पात्र स्टार्टअप्स को उनके स्वीकृत प्रस्ताव एवं कार्यक्रम के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार 25 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता अनुदान के तौर पर दी जाएगी। स्टार्टअप की शुरुआत हमेशा किसी बड़े आविष्कार से नहीं होती। किसान की रोजमर्रा की समस्या का सरल, उपयोगी और बड़े स्तर पर अपनाया जा सकने वाला समाधान भी एक सफल कृषि उद्यम की नींव बन सकता है। इसलिए जिन युवाओं और किसानों के पास ऐसा कोई विचार है, उन्हें इस अवसर का लाभ उठाने के लिए आगे आना चाहिए।
एबिक में मिलेगा विचार को उद्यम बनाने का मार्गदर्शन
कोहार्ट 8.0 में चयनित प्रतिभागियों को एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्टार्टअप्स चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के साथ-साथ उद्योग विशेषज्ञों और निवेशकों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों को तकनीक एवं उत्पाद विकास, व्यवसाय मॉडल तैयार करने, बाजार की समझ, निवेश की तैयारी और उद्यम संचालन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन
हरियाणा के निवासी, नवाचारी किसान, विद्यार्थी, शोधकर्ता, स्टार्टअप व उद्यमी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक को ऑनलाइन आवेदन करते समय अपने विचार/तकनीक/उत्पाद या सेवा, संबंधित कृषि समस्या और उसके समाधान की जानकारी देनी होगी। प्राप्त आवेदनों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्क्रीनिंग एवं मूल्यांकन किया जाएगा। आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर देख सकते हैं।


