चंडीगढ़ : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि ग्रुप-C पदों के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट फेज-II हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से शुरू हो गई है। इस संबंध में आयोग ने विज्ञापन संख्या 04/2026 जारी किया है।
उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन का प्रकाशन 6 फरवरी 2026 को किया गया था। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की प्रक्रिया 9 फरवरी 2026 से शुरू होकर 23 फरवरी 2026 की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी।
इस विज्ञापन के तहत विभिन्न विभागों में एमपीएचडब्ल्यू (महिला), एमपीएचडब्ल्यू (पुरुष), स्टाफ नर्स/नर्स, सिस्टर ट्यूटर, रेडियोग्राफर, डिस्पेंसर (आयुर्वेदिक), डाइटिशियन, फॉरेस्ट गार्ड, जूनियर इंजीनियर (सिविल), जूनियर इंजीनियर (हॉर्टिकल्चर), जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट, टेक्नीशियन (इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल), प्लांट अटेंडेंट (इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल) तथा लीगल असिस्टेंट के पद शामिल हैं।
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि इस भर्ती प्रक्रिया में किसी भी अभ्यर्थी से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा और सभी उम्मीदवार बिना किसी शुल्क के आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग (BCA/BCB) एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र 1 अप्रैल 2025 या उसके बाद जारी होना चाहिए तथा आवेदन की अंतिम तिथि तक मान्य होना अनिवार्य है। इसी प्रकार, DSC/OSC श्रेणी के अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी हुए होने चाहिए और अंतिम तिथि तक मान्य होने चाहिए।
भूतपूर्व सैनिक (ESM) के पारिवारिक सदस्यों के लिए पात्रता प्रमाण पत्र 10 फरवरी 2025 या उसके बाद जारी या नवीनीकृत होना चाहिए तथा आवेदन की अंतिम तिथि तक मान्य रहना आवश्यक है।
उन्होंने सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.hssc.gov.in पर जाकर समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी असुविधा से बचा जा सके।

