Friday, October 31, 2025
Homeदेशफतेहाबाद में CM सैनी ने झंडी दिखाकर की ‘रन फॉर यूनिटी’ की...

फतेहाबाद में CM सैनी ने झंडी दिखाकर की ‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत, प्रतिभागियों पर की पुष्प वर्षा, एकता का संदेश दिया

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फतेहाबाद में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचायत भवन से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा की और उन्होंने स्वयं भी दौड़ में शामिल होकर एकता का संदेश दिया।

एमएम कॉलेज मैदान तक आयोजित दौड़ में लगभग 30 हजार प्रतिभागी शामिल हुए। युवाओं, महिलाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा शहर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमारे राष्ट्र की आत्मा को सशक्त करने का दिन है। आज हम सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती मना रहे हैं। लौह पुरुष पटेल ने जिस संकल्प, साहस और दूर दृष्टि से भारत को एक सूत्र में पिरोया, वह आज भी प्रेरणा स्रोत है। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को याद करते हुए सभी हरियाणा वासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

फतेहाबाद की जनता में दिखा जोश और देशभक्ति का जज़्बा

मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहाबाद में कार्यक्रम में उपस्थित हुए लोग इस बात का प्रमाण हैं कि सरदार पटेल का ‘एक भारत’ का सपना आज भी हर नागरिक के हृदय में जीवित है। उन्होंने कहा कि हमारी विविधता ही हमारी असली ताकत है। अलग-अलग भाषाएं, परंपराएं और संस्कृतियां होने के बावजूद हम सब भारतीय हैं। तन अनेक हैं, पर मन एक है। उन्होंने युवाओं को अपने संबोधन में कहा कि नई पीढ़ी को देश की एकता और अखण्डता की मशाल थामनी होगी।

हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं

मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा दिवस (1 नवंबर) की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा की जनता अपनी मेहनत, समर्पण और एकजुटता के बल पर देशभर में उदाहरण पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में शौर्य, परिश्रम और एकता की खुशबू है। इसी भावना से आगे बढ़ना ही सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजली है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक दुड़ा राम, आईजी पंकज नैन, उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, एसपी सिद्धांत जैन, चेयरमैन  भारत भूषण मिढ़ा, सुरेंद्र आर्य, जिला परिषद अध्यक्ष सुमन खीचड़, अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, एसडीएम  आकाश शर्मा, भाजपा ज़िलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा भी उपस्थित थे।

RELATED NEWS

Most Popular