Friday, July 5, 2024
Homeहरियाणारोहतकनगर निगम कर्मचारी घर-घर जाकर प्रॉपर्टी के मालिकों से उनकी प्रॉपर्टी को...

नगर निगम कर्मचारी घर-घर जाकर प्रॉपर्टी के मालिकों से उनकी प्रॉपर्टी को करवाएंगे स्वयं सत्यापित

- Advertisment -
- Advertisment -

रोहतक : नगर निगम आयुक्त एवं उपायुक्त अजय कुमार के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा शहर में प्रॉपर्टी आईडी के स्वयं सत्यापन के संदर्भ में बुधवार को जिला विकास भवन के सभागार में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नगर निगम कर्मचारियों को घर-घर जाकर प्रॉपर्टी आईडी को लोगों द्वारा स्वयं सत्यापित करने बारे प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को शहर की प्रत्येक प्रॉपर्टी मालिक को मोबाइल के माध्यम से निर्धारित पोर्टल पर स्वयं ही अपनी प्रॉपर्टी को कैसे सत्यापित किया जाये इस बारे विस्तार से जानकारी दी गई। उप नगर निगम आयुक्त जितेंद्र कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार शहर में स्थित सभी घरों, दुकानों, प्लॉट, उद्योग, शिक्षण संस्था इत्यादि की प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई है। इस प्रॉपर्टी आईडी में दी गई जानकारी को सत्यापित करने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम कर्मचारियों के माध्यम से प्रॉपर्टी मालिक अपनी प्रॉपर्टी आईडी को खुद ही सत्यापित करेगा। प्रॉपर्टी मालिक के अतिरिक्त यदि कोई दूसरा व्यक्ति उसकी प्रॉपर्टी की डिटेल को देखना चाहेगा तो प्रॉपर्टी मालिक के मोबाइल पर आये हुए ओटीपी की जानकारी के बिना वह ऐसा नहीं कर सकता। इससे कोई दूसरा व्यक्ति प्रॉपर्टी आईडी की डिटेल मालिक की जानकारी के बगैर न तो देख सकता है और न ही इसका दुरुपयोग कर सकता है। इसलिए हर नागरिक अपनी प्रॉपर्टी आईडी का स्वयं सत्यापन अवश्य करवाये।

उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 2 लाख 25 हजार प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई है, जिसमें से मात्र 22 प्रतिशत प्रॉपर्टी आईडी उनके मालिकों द्वारा स्वयं सत्यापित की गई है। शहर का हर प्रॉपर्टी होल्डर अपनी प्रॉपर्टी को सत्यापित कर सके और इसके फायदों के बारे में जागरूक हो सके, इस उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी घर-घर जाकर प्रॉपर्टी आईडी के मालिक से प्रॉपर्टी का विवरण प्राप्त करेंगे तथा उनकी सहमति से इसका सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि प्रॉपर्टी मालिक अपनी प्रॉपर्टी आईडी में कोई त्रुटि बताता है तो संबंधित कर्मचारियों द्वारा उसको दर्ज करना है। प्रॉपर्टी आईडी का स्वयं सत्यापन करने पर प्रॉपर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत छूट दी जायेगी। इसके अलावा लंबित प्रॉपर्टी टैक्स का ब्याज भी प्रॉपर्टी आईडी का सत्यापन करने पर पूरी तरह माफ कर दिया जायेगा। स्वयं सत्यापन करने से केवल मालिक ही अपनी प्रॉपर्टी आईडी का विवरण देख सकेगा।

इस अवसर पर कर निरीक्षक अमन, रवि जांगड़ा, विनोद सहित नगर निगम कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular