Weather Update : हरियाणा में मानसून की सक्रियता के कारण मौसम लगातार मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक, 15 जुलाई तक हरियाणा के उत्तरी जिलों पर लगातार मानसून गतिविधियों की सम्भावना बन रही हैं जबकि शेष हरियाणा, एनसीआर-दिल्ली में कहीं कहीं छिटपुट बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ मदन खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसून टर्फ़ की उत्तरी सीमा श्री गंगानगर, हिसार, गोरखपुर, पूर्णिया, मिजोरम तक बनी हुई है जो हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ रही है। जिससे हरियाणा राज्य में मानसून की गतिविधियों में 11 जुलाई के बाद कमी आने की संभावना बन रही है। हरियाणा राज्य में 15 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के उत्तरी जिलों में बीच बीच में हवाओं व गरजचमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है परंतु दक्षिणी व पश्चिमी जिलों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव की संभावना है जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा वातावरण में नमी में कमी आने की संभावना है।

