Saturday, July 25, 2026
Homeहरियाणारोहतकबारिश का माैसम : खाद्य पदार्थों के खराब होने का खतरा बढ़ा,...

बारिश का माैसम : खाद्य पदार्थों के खराब होने का खतरा बढ़ा, रोहतक को सैंपलिंग का इंतजार

  • नमी और गर्मी से मिठाई, दूध, सब्जियां, फल और खुले खाद्य पदार्थ जल्दी हो रहे खराब

कविता.रोहतक : जिले में बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। बारिश के साथ बढ़ी नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण खाने-पीने की वस्तुओं के जल्दी खराब होने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे मौसम में दूध और दूध से बने उत्पाद, मिठाइयां, कटे हुए फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, बेकरी उत्पाद और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। थोड़ी सी लापरवाही भी फूड पॉइजनिंग, दस्त, उल्टी, टायफाइड और पेट संबंधी अन्य बीमारियों का कारण बन सकती है।

बरसात के मौसम में बाजारों में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। नमी के कारण मिठाइयों में फफूंद लगने, दूध से बने उत्पादों के खराब होने और खुले खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया तेजी से पनपने की आशंका रहती है। वहीं फलों और सब्जियों में भी कीड़े लगने और सड़न की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि लोगों तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंच सके।

विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात में दूषित भोजन और पानी से फैलने वाली बीमारियों के मामले हर साल बढ़ जाते हैं। इसलिए लोगों को केवल ताजा और अच्छी तरह पका हुआ भोजन ही खाना चाहिए। लंबे समय तक बाहर रखा भोजन खाने से बचना चाहिए और फल-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही उपयोग में लाना चाहिए।

बरसात में सबसे जल्दी खराब होने वाली चीजें

दूध और डेयरी उत्पाद
दूध, दही, पनीर, खोया, क्रीम और लस्सी जल्दी खराब हो जाते हैं। इनका सेवन केवल ताजा अवस्था में करें।

मिठाइयां
रसगुल्ला, गुलाब जामुन, बर्फी, मिल्क केक, रबड़ी, कलाकंद और अन्य खोये से बनी मिठाइयों में बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं।

हरी पत्तेदार सब्जियां, बेकरी उत्पाद और फल 

पालक, मेथी, धनिया, पत्तागोभी और सलाद के पत्तों में कीड़े और गंदगी होने की संभावना अधिक रहती है। केला, अंगूर, आम, पपीता, तरबूज और कटे हुए फल जल्दी खराब हो सकते हैं। सड़े-गले या कटे हुए फल बिल्कुल न खरीदें ।ब्रेड, केक, पेस्ट्री और बिस्कुट में नमी के कारण फफूंद लग सकती है।

खुले खाद्य पदार्थ

समोसे, कचौड़ी, चाट, गोलगप्पे, कटे फल और सड़क किनारे बिकने वाले खुले खाद्य पदार्थ संक्रमण का कारण बन सकते हैं।

ऐसे रखें सावधानी

  • हमेशा ताजा और गर्म भोजन का ही सेवन करें।
  • फल और सब्जियों को साफ पानी से अच्छी तरह धोकर उपयोग करें।
  • खुले में रखी मिठाई और खाद्य सामग्री खरीदने से बचें।
  • एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता देखकर ही पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदें।
  • भोजन को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर न रखें।
  • स्वच्छ और उबला या फिल्टर किया हुआ पानी ही पिएं।
  • बच्चों और बुजुर्गों को बासी भोजन बिल्कुल न दें

खाद्य सुरक्षा विभाग से अपेक्षा

बरसात के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजारों में विशेष अभियान चलाना चाहिए। मिठाई की दुकानों, डेयरियों, बेकरी, होटल, रेस्टोरेंट, फल एवं सब्जी मंडियों और सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाए और मिलावट, खराब गुणवत्ता या अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इससे लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ खाद्य जनित बीमारियों पर भी रोक लगाई जा सकेगी।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular