Friday, February 27, 2026
HomeहरियाणारोहतकMLA बतरा ने कच्चा बेरी रोड अंडरपास का मामला विधानसभा में उठाया,...

MLA बतरा ने कच्चा बेरी रोड अंडरपास का मामला विधानसभा में उठाया, कहा- काम की समय सीमा निर्धारित हो

रोहतक : विधायक भारत भूषण बतरा ने विधानसभा में एक बार फिर कच्चा बेरी रोड स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर प्रस्तावित अंडरपास का मामला जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने स्पष्ट पूछा कि क्या सरकार के पास अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव है, क्या इस बारे में रेलवे से स्वीकृति मिल चुकी है, इसके लिए कितनी राशि मंजूर हुई है और काम कब तक शुरू होगा। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के कांट्रेक्चुअल लेक्चर के विषय को उठाते हुए कहा कि उनके लिए समिति बनाए जाने की आवश्यकता नहीं है सरकार नोटिफिकेशन जारी करें और उनके साथ न्याय करें।

सदन में रोहतक से जुड़े अहम विषय को उठाते हुए बतरा ने कहा कि कच्चा बेरी रोड पर अंडरपास न होने से क्षेत्र के लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों को लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, श्मशान घाट जाने वाले लोगों को भी मजबूरी में पुल का प्रयोग करना पड़ता है, जो दुख की घड़ी में अतिरिक्त पीड़ा देता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। बत्रा ने कहा कि जनहित में विभाग इस बारे में समय सीमा निर्धारित करते हुए कार्य को आगे बढ़ाएं। बत्रा ने पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर रणबीर गंगवा से सदन परिसर में व्यक्तिगत रूप से भी मुलाकात की और आग्रह किया कि इस कार्य को जनहित में जल्द से जल्द शुरू करवाए , इस पर गंगवा ने उन्हें आस्वस्त किया कि कार्य बहुत जल्द शुरू होगा।

मेरिट पर लगे शिक्षकों को भी मिले सुरक्षा”: भारत भूषण बत्रा

भारत भूषण बतरा ने आज सदन में उच्च शिक्षा मंत्री से विश्वविद्यालयों में कार्यरत कांट्रैक्चुअल लेक्चरर्स के लिए ‘सर्विस सिक्योरिटी बिल’ लाने को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार इन शिक्षकों को सरकारी कॉलेजों के एक्सटेंशन लेक्चरर्स की तर्ज पर नौकरी सुरक्षा देने जा रही है। सदन में गेस्ट टीचरों का पक्ष रखते हुए बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही सरकारी कॉलेजों के गेस्ट लेक्चरर्स को नियमित कर चुके हैं। ऐसे में विश्वविद्यालयों में मेरिट के आधार पर चयनित, 10-10 वर्षों से सेवाएं दे रहे असिस्टेंट प्रोफेसर और प्रोफेसरों को भी नियमित किया जाना चाहिए। बत्रा ने कहा कि इसके लिए समिति बनाने की जरूरत नहीं है, सरकार सीधे नोटिफिकेशन जारी कर सकती है और समय सीमा तय कर सकती है। “जो युवा मेरिट पर लगे थे, वे आज असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सरकार को इनके भविष्य का ख्याल करना चाहिये ।

कच्चा बेरी सड़क पर अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा : गंगवा

 

वहीं लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने विधायक भारत भूषण बत्तरा द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर में कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में रेलवे से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आमजन को बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। राज्य में विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरपास और ओवरब्रिज निर्माण के माध्यम से जाम की समस्या कम करने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कच्चा बेरी सड़क पर अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कच्चा बेरी सड़क स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इस संबंध में सामान्य व्यवस्था रेखाचित्र को रेलवे विभाग द्वारा अनुमोदित किया जा चुका है। यह कार्य राज्य सरकार के जमा कार्य के रूप में रेलवे विभाग द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंडरपास निर्माण के लिए 1346.60 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) की 1 कनाल 17 मरला भूमि भी शामिल है। इस भूमि को पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जारी है। भूमि उपलब्ध होते ही टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

RELATED NEWS

Most Popular