कुरुक्षेत्र : हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दी किरमच को-ऑपरेटिव सोसायटी के मैनेजर को दोबारा से सस्पेंड करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डीआर को निर्देश दिए कि जब तक जांच पूरी नहीं होती तब तक मैनेजर को बहाल नहीं किया जाए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव किरमच निवासी राजेश शर्मा की शिकायत पर सुनवाई के दौरान पता चला कि सस्पेंड मैनेजर को दोबारा से बहाल कर दिया, जबकि अभी जांच चल रही है।
दूसरी शिकायत पर अंसल सुशांत सिटी के कॉलोनाइजर के खिलाफ केस दर्ज करने और हर मद की विस्तृत रूप से जांच के निर्देश दिए। इसी तरह अन्य मामले में पुलिस को खाद्य आपूर्ति एवं नागरिक विभाग के सस्पेंड दो इंस्पेक्टरों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार मंगलवार को नये लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में एजेंडा के 11 मामलों में से 6 का मौके पर ही निपटारा किया गया, बाकि बचे हुए 5 मामलों को निपटाने के लिए कमेटियों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में सख्त निर्देश दिए। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बैठक में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार व अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने डीआर को निर्देश दिए कि जिन को-ऑपरेटिव सोसायटियों में गलत तरीके से नौकरी पर लगाने की शिकायतें आई हैं, गलत लगे हुए उन सभी को हटाया जाए। यदि कोई हटाने के बाद भी काम कर रहा है तो वहां के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। दी किरमच को-ऑपरेटिव सोसायटी के मामले की उचित जांच की जाए। उन्होंने शास्त्री कॉलोनी वार्ड नंबर 4 के नागरिकों की शिकायत, सफाई कर्मचारियों की पेमेंट की शिकायत, गांव बिलौना निवासी हर्ष बावा और गांव बारवा निवासी ओम प्रकाश की शिकायत की सुनवाई करते हुए मामले का निपटारा किया गया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अंसल सुशांत सिटी के नागरिकों की शिकायत सुनने और एसडीएम अमन कुमार द्वारा कमेटी की जांच के बाद रिपोर्ट को प्रस्तुत किया। इस रिपोर्ट और शिकायतकर्ता को सुनने के बाद कहा कि कॉलोनाइजर की काफी कमियां और खामियां सामने आई हैं, जिस कारण से कॉलोनी के नागरिकों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। ऐसे कॉलोनाइजर के खिलाफ जल्दी केस दर्ज किया जाए और हर मद की विस्तार से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग विभाग के डायरेक्टर को लिखित में कॉलोनी के कामों की सिफारिश की जाएगी। इसके अलावा एचएसवीपी और जनस्वास्थ्य विभाग कमेटी बनाकर कॉलोनी के नागरिकों को पानी व निकासी की सुविधा जल्द से जल्द मुहैया करवाए। कैबिनेट मंत्री ने एसडीएम अमन कुमार व कमेटी द्वारा गठित रिपोर्ट के आधार पर कॉलोनी में 14 करोड़ रुपए के कार्यों को डीटीपी मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य आपूर्ति एवं नागरिक विभाग के सस्पेंड दो इंस्पेक्टरों को जल्द गिरफ्तार करे पुलिस
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने महावीर कॉलोनी लाडवा निवासी सोनू नारंग की शिकायत पर खाद्य आपूर्ति एवं नागरिक विभाग के सस्पेंड दो इंस्पेक्टरों को जल्द से जल्द ही पुलिस गिरफ्तार करे। दोनों इंस्पेक्टरों की हाईकोर्ट से बेल रिजेक्ट हो चुकी है। पिछली बैठक में दोनों इंस्पेक्टरों को शामिल जांच करने के निर्देश दिए गए थे, तब कोर्ट में बेल को लेकर मामला चला हुआ था।
हाउसिंग बोर्ड के पार्क में खोले गए दरवाजे-खिड़की किए जाए बंद, लेंटर तोड़े जाए
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने वेलफेयर सोसायटी की शिकायत और एसडीएम शंभू राठी की कमेटी जांच की रिपोर्ट के आधार पर निर्देश देते हुए कहा कि हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 शाहाबाद मारकंडा के पार्क में अवैध तरीके से खोले गए गेट व खिड़की को तुरंत बंद करवाया जाए। जहां पर लेंटर डला हुआ है, उसको तुड़वाया जाए। गाडिय़ों की पार्क में एंट्री को रोकने के लिए गेट का साइज कम किया जाए। इसके साथ ही पार्क के सुधार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
15 दिन में पैसे नहीं दे तो पुलिस कानूनी कार्रवाई अमल में लाए
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत निवासी राजपाल खुराना की शिकायत पर पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि दोनों पार्टियों यदि 15 दिनों में पैसे के मामले को ना निपटाए तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। अन्य मामले में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग को वेंडर की पेमेंट के लिए लिखा जाए और इसको फालो करने के लिए रिमांडर भी दिया जाए, ताकि वेंडर की पेमेंट हो।
बिजली विभाग के साथ उपायुक्त करेंगे मौका का मुआयना
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने परशुराम कॉलोनी निवासी राजदेव कुमार की शिकायत पर बिजली विभाग के साथ उपायुक्त को मौका का मुआयना करने के निर्देश दिए। शिकायत में मकान के ऊपर से गुजर रही 33 केवी लाइन को प्रदेश सरकार की योजना के तहत शिफ्ट किए जाने की गुहार लगाई है। इस मामले में लाइन को शिफ्ट करने के लिए उपायुक्त, बिजली विभाग के एसई, एक्सईएन व दो सदस्यों को शामिल करते हुए मौका का मुआयना कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

