रोहतक : महर्षि दयानन्द यूनिवर्सिटी (MDU) ने अपने परिसर में आयोजित आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रॉस कंट्री पुरुष प्रतियोगिता 2025-26 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के 130 से अधिक विश्वविद्यालयों के लगभग 800 धावकों ने भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक रही।
उत्कृष्ट सहनशक्ति, तालमेल और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए एमडीयू के धावकों की टीम ने 35 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 61 अंकों के साथ शिवाजी यूनिवर्सिटी, कोल्हापुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि 62 अंकों के साथ वीबीएस पूर्वांचल यूनिवर्सिटी, जौनपुर की टीम तृतीय स्थान पर रही। द्वितीय और तृतीय स्थान के बीच कम अंतर ने प्रतियोगिता को और अधिक रोचक बना दिया।
व्यक्तिगत वर्ग में छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी, कानपुर के अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रयागराज के राकेश द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि मंगलौर यूनिवर्सिटी के आदेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया तथा विजेताओं को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खेल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए खिलाडियों को अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कुलपति ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के व्यापक अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर अधिष्ठाता (शैक्षणिक कार्य) प्रो. एस.सी. मलिक तथा कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। विश्वविद्यालय खेल परिषद की अध्यक्षा डॉ. राजवंती शर्मा, खेल परिषद की सचिव डॉ. शकुंतला बेनीवाल, सहायक खेल निदेशक डॉ. तेजपाल तथा एथलेटिक कोच डॉ. रमेश सिंधु सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, प्रशिक्षक, प्रतिभागी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

