Monday, August 31, 2026
HomeहरियाणारोहतकMDU के दूरस्थ एवं ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को अगले 5 वर्षों के...

MDU के दूरस्थ एवं ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को अगले 5 वर्षों के लिए मिली मान्यता

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक (MDU) के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (डीईबी) ने ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) तथा ऑनलाइन (ओएल) पाठ्यक्रमों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से अगले पांच वर्षों के लिए मान्यता प्रदान कर दी है।

सीडीओई निदेशक प्रो. राजेश धनखड़ ने बताया कि यूजीसी-डीईबी द्वारा बीए, बीकॉम, एमए- इकोनॉमिक्स, लोक प्रशासन, अंग्रेजी, संस्कृत, हिंदी, इतिहास, राजनीती विज्ञान, एमए-पत्रकारिता एवं जनसंचार, एमकॉम और एमएससी गणित आदि पाठ्यक्रमों को मान्यता दी गयी है।

उन्होंने बताया कि सभी मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम यूजीसी (ओडीएल एवं ऑनलाइन प्रोग्राम्स) विनियम-2020 के तहत संचालित होंगे। अगस्त 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने तथा डीईबी पोर्टल पर विद्यार्थियों का विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने अगले पांच वर्षों के लिए यूजीसी-डीईबी की मान्यता मिलने पर सीडीओई निदेशक प्रो. राजेश धनखड़ और उनकी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। कुलपति ने कहा कि एमडीयू का लक्ष्य हर विद्यार्थी तक स्थान और समय की बाधाओं से मुक्त, सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय आधुनिक तकनीक आधारित दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है, ताकि नौकरीपेशा, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी तथा अन्य कारणों से नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाने वाले छात्र-छात्राएं भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने करियर को नई दिशा दे सकें।

सीडीओई निदेशक प्रो. राजेश धनखड़ ने बताया कि यूजीसी-डीईबी के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए अगस्त सत्र की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय पर शुरू की जाएगी।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular