Monday, September 30, 2024
Homeउत्तर प्रदेशमायावती बोलीं- आरक्षण पर भाजपा और कांग्रेस फूट डालो और राज करो...

मायावती बोलीं- आरक्षण पर भाजपा और कांग्रेस फूट डालो और राज करो की नीति अपना रही है

Assembly Election : करनाल जिला के असंध हलके में आयोजित की गई इनेलो बसपा गठबंधन की जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि भारत को आजाद हुए और संविधान को लागू हुए अब बरसों बीत गए हैं और इस दौरान हरियाणा में विरोधी पार्टियों की रही सरकारों में सर्व समाज में से खासकर दलितों, आदिवासियों, मुस्लिमों और पिछड़े वर्गों व अन्य अल्पसंख्यकों के साथ-साथ गरीबों, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों व अन्य मेहनतकश लोगों का भी पूर्ण रूप से विकास एवं उत्थान नहीं हो सका। चाहे कांग्रेस हो या भाजपा हो अब इन्हें और ज्यादा आजमाने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान में दिए गए आरक्षण की सुविधाओं को पहले कांग्रेस की और अब बीजेपी की जातिवादी सोच के चलते लाभ नहीं दिया जा रहा है। अब तो कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां माननीय कोर्ट की आड़ में आरक्षण को खत्म करने की साजिश रच रही हैं। एससी और एसटी में वर्गीकरण करने के लिए कोर्ट में भाजपा के साथ साथ कांग्रेस ने भी पूरी सहमति दी है। हरियाणा में सभी विभागों में आरक्षण कोटे की सीटें खाली पड़ी हैं जिन्हें पहले कांग्रेस और अब भाजपा सरकार द्वारा धीरे धीरे खत्म किया जा रहा है। एससी, एसटी में वर्गीकरण करने का कार्य जो पहले संसद और राष्ट्रपति के पास था उनसे वापस लेकर अब राज्य सरकारों के उपर छोड़ दिया है। अब राज्यों में जिसकी भी सरकार बनेगी वो अपने हिसाब से इसका राजनीतिक फायदा उठाएगी साथ ही इन वर्गों को बांट कर आपस में लड़ाएगी अर्थात अब भाजपा और कांग्रेस फूट डालो और राज करो की नीति का भरपूर फायदा उठाएगी। भाजपा ने एससी और एसटी में भी फूट डालने का काम किया है जिससे वोटों का बंटवारा हो सके और सबसे बड़ी बात यह है कि कांग्रेस ने इसका अब तक विरोध नहीं किया है।

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने विदेश में बयान देकर आगे वक्त आने पर आरक्षण खत्म करने का ऐलान कर दिया। अन्य पिछड़े वर्गों के लोगों को मंडल कमीशन के तहत आरक्षण भी बसपा ने दिलवाया था। हरियाणा प्रदेश में भी एससी, एसटी के साथ साथ अपर कास्ट के जाट समाज में भी खासकर गरीब लोगों की आर्थिक स्थिति अभी भी प्रदेश सहित पूरे देश में दयनीय ही बनी हुई है। मायावती ने कहा कि हरियाणा में आरक्षण विरोधी भाजपा और कांग्रेस पार्टियों को कोई वोट नहीं देना है और अब इनेलो और बसपा गठबंधन की सरकार बना कर ही आरक्षण को बचाया जा सकता है साथ ही इनेलो बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर सर्व समाज का विकास किया जाएगा।

मायावती ने कहा कि विरोधी पार्टियों की गलत नीतियों के कारण ही आज गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई काफी बढ़ रही है जिसके कारण जनता बेहद परेशान और दुखी है। भ्रष्टाचार हर स्तर पर बूरी तरह से फैला हुआ है जिससे आज हरियाणा भी अछूता नहीं है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular