आबकारी नीति मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई केस में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत दी।
कोर्ट ने दोनों नेताओं काे आरोप मुक्त कर दिया है। सीबीआई उनके खिलाफ आरोप साबित नहीं कर पाई। सीबीआई द्वारा आरोपी बनाए गए सभी 23 आरोपियों को बरी कर दिया है। बता दें यह मामला 2021-22 की दिल्ली आबकारी नीति से जुड़ा है।
कोर्ट ने अपने विस्तृत आदेश में कहा कि आबकारी नीति में किसी ओवरआर्चिंग कांस्पिरेसी या आपराधिक इरादे का ठोस प्रमाण रिकॉर्ड पर नहीं है। विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने कहा कि आरोप पत्र में कई ऐसी कमियां हैं जिनका सबूतों से समर्थन नहीं मिलता।
वहीं कोर्ट का फैसला आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए। मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘मैंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। मुझ पर भाजपा ने झूठे आरोप लगाए। आज कोर्ट ने भी कह दिया कि केजरीवाल‑सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं।
केजरीवाल ने कहा, भाजपा के बनाये शराब घोटाले की आज कोर्ट ने सच्चाई बता दी। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने आजाद भारत का सबसे बड़ा षड्यंत्र रचा। लेकिन आज कोर्ट ने कह दिया अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आप भ्रष्ट नहीं हैं। मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूँ कि सत्ता के लिए इस तरह से देश और संविधान से खिलवाड़ मत कीजिए, सत्ता के लिए आप अच्छे काम कीजिए। अच्छा काम करके सत्ता में आइए।

