Saturday, October 11, 2025
Homeदेशऐतिहासिक और यादगार लम्हों के साथ सम्पन्न हुई नए कानूनों पर लगाई...

ऐतिहासिक और यादगार लम्हों के साथ सम्पन्न हुई नए कानूनों पर लगाई राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, 30 हजार लोगों ने किया अवलोकन

धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर तीन नए आपराधिक कानूनों के बदलाव के बाद सकारात्मक परिणामों को दिखाने वाली राज्य स्तरीय प्रदर्शनी ने प्रदेश के कोने-कोने से आए लगभग 30 हजार लोगों के दिलों पर अनोखी छाप छोड़ी है।

इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी को देखकर लोगों को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाने से लेकर न्यायिक प्रक्रिया के हर पहलू को देखने और जानने का अवसर मिला। अहम पहलू यह है कि इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में कानूनी प्रक्रिया से जुड़े 7 विभागों के 10 स्टॉल में आधुनिकतम जानकारी व्यावहारिक ज्ञान के साथ दिखाने का अनोखा प्रयास किया गया है।

हरियाणा गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने 3 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी पर विशेष फोकस रखा। जिसके परिणाम स्वरूप ही लगभग 30 हजार लोगों ने इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी को देखने में अपनी रुचि दिखाई है।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा व पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र में तीन नए आपराधिक कानूनों की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के 30 मिनट के शो में कन्ट्रोल रूम में सूचना मिलने से लेकर अदालत की प्रक्रिया के अहम लम्हों को हूबहू दिखाने का अनोखा प्रयास किया गया है। इस अनोखे प्रयास को देखने के लिए हरियाणा के कोने-कोने से हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोग पहुंचे।

उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मेला ग्राउंड में गृह विभाग की तरफ से 3 नए आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद आए परिवर्तनों को लेकर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उदघाटन किया था। इस पावन धरा पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से ही देश विदेश से आने वाले नागरिकों को नए कानूनों के बाद आए परिवर्तनों को दिखाने के लिए राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन हुआ।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस प्रदर्शनी लोगों ने कन्ट्रोल रूम, घटना स्थल, थाने की प्रक्रिया, पोस्टमार्टम, एफएसएल की सैम्पलों की ऑनलाइन रिपोर्ट, जिला न्यायवादी कार्यालय की प्रक्रिया, जेल और फिर अदालत की प्रक्रिया को हूबहू देखकर खूब तारीफ की है।

राज्य स्तरीय प्रदर्शनी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार 11 अक्टूबर तक आमजन के लिए रखा गया है। इस प्रदर्शनी को देखने के लिए 3 अक्टूबर से लेकर 11 अक्टूबर तक लगभग 10 हजार लोग प्रदर्शनी देखने के लिए पहुंचे।

RELATED NEWS

Most Popular