Saturday, September 12, 2026
Homeहरियाणाब्रह्मसरोवर पर दिखेगा अद्भुत नजारा,17 सितंबर को 500 ड्रोनों से होगा भव्य...

ब्रह्मसरोवर पर दिखेगा अद्भुत नजारा,17 सितंबर को 500 ड्रोनों से होगा भव्य शो

कुरुक्षेत्र : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत 17 सितंबर को ब्रह्मसरोवर पर सायं के समय 500 ड्रोनों का भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इस ड्रोन शो के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे। इस ड्रोन शो के अलावा विशाल रंगोली, रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को देर सायं उपायुक्त कार्यालय में ड्रोन शो के भव्य कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उपायुक्त ने गठित कमेटी के सदस्यों को चर्चा के दौरान कहा कि ड्रोन शो के भव्य आयोजन के लिए देश की जानी मानी एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह एजेंसियां जिला प्रशासन के पास 12 सितंबर को सायं 3 बजे तक तमाम शर्तों व बजट के साथ अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। इस आवेदन के आधार पर नियमानुसार अच्छी एजेंसी को ड्रोन शो करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

उपायुक्त् विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर को भव्य रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के तमाम नागरिकों, पार्षदों, जन प्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा शहर की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को भी निमंत्रण दिया जा रहा है। सभी की भागीदारी से इस कार्यक्रम को सफल बनाना है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, एसडीएम राहुल, एसडीएम शंभू राठी, नगराधीश आशीष कुमार, डीआरओ चेतना चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ड्रोन शो के प्रबंधों के लिए गठित की कमेटी

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के निदेशक के आदेशानुसार 17 सितंबर को सायं के समय ब्रह्मसरोवर पर होने वाले ड्रोन शो को भव्य और प्रबंधों को बेहतर बनाने के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में जिला नगर आयुक्त, केडीबी के सीईओ, नगराधीश, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता और डीआईपीआरओ को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। इसके अलावा अतिरिक्त प्रबंधों के लिए एसडीएम शाहाबाद, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता और जिला परिषद के लेखा अधिकारी को भी सदस्य बनाया गया है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular