रोहतक। जिले के युवाओं के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश का अवसर शुरू होने जा रहा है। 2 जून से आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया आरंभ होगी, जबकि 15 जून से ऑनलाइन आवेदन भरे जाएंगे। इसके बाद मेरिट के आधार पर चयन सूची जारी कर अभ्यर्थियों को विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश दिया जाएगा।
जिले में संचालित 11 आईटीआई में लगभग 3 हजार सीटें उपलब्ध हैं। इन संस्थानों में करीब 18 ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। विभिन्न आईटीआई में सीटों की संख्या ट्रेड के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। आईटीआई प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रत्येक संस्थान में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। यहां अभ्यर्थी बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस बार विद्यार्थियों को कई अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक युवा तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
– व्यक्तिगत मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी
– परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी)
– आधार कार्ड
– जाति प्रमाण पत्र
– पासपोर्ट साइज फोटो
– हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र
– बैंक खाता पासबुक
– पारिवारिक आय प्रमाण पत्र
– यूपीआई/डेबिट/क्रेडिट कार्ड (ऑनलाइन फीस भुगतान हेतु)
– पिता-विहीन, विवाहित या विधुर की संतान होने का प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
– गैप ईयर प्रमाण पत्र
विद्यार्थियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
– एससी, बीसी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए छात्रवृत्ति सुविधा
– आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा 10वीं/12वीं के समकक्ष प्रमाणन की सुविधा
– प्रशिक्षण, करियर परामर्श और प्लेसमेंट सेल की उपलब्धता
– नाममात्र ट्यूशन फीस
महिला प्रशिक्षुओं के लिए विशेष लाभ
– निःशुल्क ट्यूशन फीस
– 1000 रुपये तक का टूल किट निःशुल्क
– चयनित इंजीनियरिंग ट्रेडों में प्रवेश पर 500 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि
– बस पास की सुविधा
– बालिका प्रशिक्षु प्रोत्साहन योजना के तहत 2500 रुपये प्रतिवर्ष सहायता राशि
आवेदन से पहले रखें तैयारी पूरी
आईटीआई में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, इसलिए मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और आवश्यक प्रमाण पत्रों का अपडेट होना जरूरी है। हेल्प डेस्क पर भी निःशुल्क सहायता उपलब्ध रहेगी।

