Saturday, June 21, 2025
Homeदेशअंतरराष्ट्रीय योग दिवस: CM नायब सिंह सैनी ने की अनेक घोषणाएं; प्रदेश...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: CM नायब सिंह सैनी ने की अनेक घोषणाएं; प्रदेश में स्थापित की जाएंगी 100 नई योग एवं व्यायामशालाएं

हरियाणा में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह से मनाया गया। गीता की स्थली कुरुक्षेत्र के पावन ब्रह्मसरोवर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में लगभग 1 लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग करके विश्व को संदेश दिया तो वहीं 22 जिलों और 121 खंडों में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 20 लाख से अधिक लोगों ने योग करके अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, सांसदनवीन जिंदल और आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विशेष रूप से योग गुरु स्वामी रामदेव ने सभी लोगों को योग करवाया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में योग पर शोध को बढ़ावा देने के लिए योग लेखक प्रोत्साहन योजना लागू की जाएगी। इसके तहत हर वर्ष ऐसे उत्कृष्ट लेखकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, चालू वित्त वर्ष में 100 नई योग एवं व्यायामशालाएं स्थापित की जाएंगी।

अभी तक प्रदेशभर में 883 योग एवं व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र के लिए एक विशाल हॉल का निर्माण करवाया जाएगा।

  • मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि सभी सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के योग प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए क्रेडिट आधारित प्रणाली को शुरू किया जाएगा। साथ ही, हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भी योग को शैक्षणिक पाठ्यक्रम के रूप में लागू किया जाएगा। इसके लिए एक समान योग पाठ्यक्रम शीघ्र तैयार किया जाएगा।
  • उन्होंने कहा कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषयों को इस वर्ष से ही आयुष चिकित्सा प्रणाली के अंतर्गत मान्यता दी जाएगी। साथ ही, इन विषयों के चिकित्सकों का राजकीय पंजीकरण भी आरंभ किया जाएगा।
  • नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि योगासन को खेल के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करने के लिए अनुभवी कोचों की नियुक्ति की जाएगी, जो खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षित करेंगे। खेल विभाग में 40 योग शिक्षकों की भर्ती शीघ्र शुरू की जाएगी।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से ही प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में 5 मिनट का ‘योगा-ब्रेक’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को तनाव मुक्त माहौल प्रदान करना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की पहचान योग विद्या को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर पुनः स्थापित किया

नायब सिंह सैनी ने भगवान श्रीकृष्ण जी की कर्मभूमि कुरुक्षेत्र की धरा से 11वें ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम पूरे विश्व को योगमय होता देख रहे हैं। इसका श्रेय हमारे संतों, ऋषियों और विशेष रूप से हमारे कर्मयोगी एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी को जाता है। प्रधानमंत्री ने सदियों से भारत की पहचान रही इस योग विद्या को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर पुनः स्थापित करने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने देश को बहुमूल्य सूत्र “खेलेगा भारत, तो खिलेगा भारत योग की डोज़, आधा घंटा रोज़” दिए हैं, जो आज जन-जन की प्रेरणा बन गए हैं।

उन्होंने विशेष रूप से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पधारे योग गुरु स्वामी रामदेव का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि स्वामी रामदेव ने एक-एक व्यक्ति को प्राचीन पद्धति योग से जोड़ने का काम किया है, जिससे आज पूरी दुनिया में योग की एक अलग पहचान बनी है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को महोत्सव के रूप में मनाया गया, पूरा हरियाणा हुआ योगमय

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से 25 दिन पहले यानी 27 मई से ही योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों का संचालन शुरू कर दिया था। पिछले 25 दिनों में प्रदेश के अंदर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, आमजन, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के लाखों लोग योग के साथ जुड़े और आज यह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक महोत्सव के रूप में मनाया गया है। आज पूरा कुरुक्षेत्र, पूरा हरियाणा योगमय हो गया है।

योग जीवन, भक्ति, प्रकृति और संस्कृति का आधार है : स्वामी रामदेव

इस अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि योग जीवन, भक्ति, प्रकृति और संस्कृति का आधार है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले ही उद्बोधन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की पुरजोर पैरवी की थी। उन्हीं के प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित कर 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ घोषित किया गया। उस समय 177 देशों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया था और आज 200 से भी अधिक देश योगमय हो रहे हैं और योग सनातन पद्धति लोगों की जीवन पद्धति बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है विरासत के साथ विकास हो, संस्कृति के साथ समृद्धि हो और योग धर्म के साथ राष्ट्र धर्म हो।

इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पतंजलि योगपीठ की योग गुरु स्वामी रामदेव के जीवन परिचय और योग यात्रा पर आधारित 3 पुस्तिकाओं तथा हरियाणा योग आयोग द्वारा तैयार योग प्रोटोकॉल पुस्तिका का भी विमोचन किया। इसके अलावा, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का संदेश भी वीडियो के माध्यम से सुनाया गया।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular