रोहतक : प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगर निकायों के युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने तथा उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने के उद्देश्य से विभिन्न लोकप्रिय खेलों के लिए हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना 2025-26 आरंभ की गई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, क्रिकेट, योगा एवं वेटलिफ्टिंग जैसे खेलों के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार खेल सामान ग्राम पंचायतों व नगर निकायों को उपलब्ध करवाया जायेगा। संबंधित ग्राम पंचायत व नगर निकाय अपनी आवश्यकता अनुसार, चिन्हित खेलों के खेल सामान की मांग निर्धारित प्रोफार्मा में भरकर आगामी 31 मार्च 2026 तक स्थानीय सर छोटूराम स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय में प्रस्तुत करें। खेल सामग्री की मांग से संबंधित प्रोफार्मा जिला खेल कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में प्राप्त किया जा सकता है।
इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक खेल के लिए पात्र खेल सामग्री की सूची सरकार द्वारा निर्धारित की गई है। यह स्पष्ट किया जाता है कि वही ग्राम पंचायतें एवं नगर निकाय इस योजना के अंतर्गत पात्र होंगे, जिन्होंने पिछले दो वित्तीय वर्षों में उक्त खेल सामग्री प्राप्त नहीं की हो। उन्होंने सभी संबंधित पंचायतों एवं नगर निकायों से समयबद्ध रूप से मांग प्रेषित करने का आह्वान किया है, ताकि युवाओं को खेलों से जोड़ने की इस पहल को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके तथा उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रखा जा सके।
इन खेलों के लिए यह खेल उपकरण दिये जाएंगे
सचिन गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न खेलों के लिए खेल सामान निर्धारित किया है। इसके तहत वॉलीबॉल के लिए पोल स्थापित होने की स्थिति में 6 बॉल व नेट, फुटबॉल के लिए पोल स्थापित होने की स्थिति में 6 बॉल व नेट, बास्केट बॉल के लिए पोल स्थापित होने की स्थिति में 6 बॉल, हैंडबॉल के लिए पोल स्थापित होने की स्थिति में 6 बॉल व नेट, बॉक्सिंग के लिए 6 पंचिंग बैग एवं 12 जोड़ा दस्ताना, कुश्ती के लिए निर्धारित साइज का कवर सहित मैट (18 पीस मैट), जूडो के लिए निर्धारित साइज का कवर सहित मैट (18 पीस मैट), क्रिकेट के लिए एक किट, जिसमें दो बैट, दो विकेट सहित स्टंप सैट, 6 बॉल, दो जोड़ा बैटिंग पैड व दस्ताना तथा एक जोड़ा विकेटकीपिंग पैड व दस्ताना, योगा के लिए निर्धारित साइज का मैट तथा वैट लिफ्टिंग बारबैल्स (20 किलोग्राम), 2.5 किलोग्राम, पांच किलोग्राम, दस किलोग्राम, 15 किलोग्राम व 20 किलोग्राम की एक-एक जोड़ा वेट लिफ्टिंग प्लेट उपलब्ध करवाई जाएंगी।

