HBSE Exams : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित करवाई जा रही सेकेण्डरी एवं सीनियर सेकेण्डरी वार्षिक परीक्षा फरवरी/मार्च-2026 के लिए बोर्ड अध्यक्ष प्रो० (डॉ०) पवन कुमार द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि बोर्ड इस बार परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने एवं नकल मुक्त परीक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ज्ञात रहे कि सैकेण्डरी, सीनियर सेकेण्डरी एवं डी.एल.एड. की फरवरी/मार्च-2026 की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी से आरंभ हो रही हैं। इन परीक्षाओं मे करीब 1420 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 5,71,767 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे। जिसमें सेकेण्डरी के 155027 छात्र व 140721 छात्राएं तथा सीनियर सेकेण्डरी के 141566 छात्र व 129097 छात्राएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डी.एल.एड. परीक्षा मे 5356 छात्र अध्यापक प्रविष्ट होंगे।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इस बार परीक्षार्थियों को बडी राहत देते हुए फैसला लिया है कि ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा देने का दूसरा मौका दिया जाएगा, जिनका एक या दो पेपर उम्मीद के मुताबिक नहीें हो पाता है। ऐसे परीक्षार्थी परीक्षा समाप्ति के 15 दिन के अंदर अधीकतम दो विषयों म अंक सुधार के लिए परीक्षा दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्र पर सभी पर्यवेक्षकों और सहायक स्टाफ के लिए बोर्ड द्वारा जारी पहचान पत्र पहनना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र के भीतर केवल केंद्र अधीक्षक को ही फोन रखने की अनुमति होगी। अन्य सभी स्टाफ के लिए स्मार्टफोन का उपयोग पूर्णत: वर्जित है। नकल की संभावनाओं को समाप्त करने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों से परीक्षा के नकल रहित व सुचारू रूप से संचालन मे सहयोग देने की अपील की। उन्होंने प्रमुख केन्द्र अधीक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों की चारदिवारी होनी आवश्यक है तथा परीक्षा केन्द्र के सभी कमरों की खिड़कियों में जाली लगी होनी चाहिए। यदि किसी परीक्षा केन्द्र की चारदिवारी अथवा खिड़कियों की जाली टूटी हुई है, तो उसे परीक्षा आरम्भ होने से पहले ठीक करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगे बताया कि इन परीक्षाओं में नकल व अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए 325 फ्लाइंग स्कवैड करीब 1420 परीक्षा केन्द्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। कई संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से बोर्ड कार्यालय से सीधे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी केंद्रों के आस-पास धारा 163 लागू रहेगी। परीक्षा समय के दौरान केंद्रों के पास स्थित फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके।
बोर्ड अध्यक्ष ने आगे बताया कि यदि कोई भी कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति परीक्षा की गोपनीयता भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही अमल मे लाई जाएगी। उन्होंने कहा है कि हम छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे। मेहनत करने वाले छात्रों को उनका वाजिब हक अवश्य मिलेगा।

