Friday, August 14, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक, हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग...

रोहतक में सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक, हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने सुनीं समस्याएं

Rohtak: गुरुवार को शहर के जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में एक बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष इंजि. कृष्ण कुमार कर रहे थे।

इस बैठक के दौरान इंजि. कृष्ण कुमार ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो सफाई कर्मचारियों को शहर के प्रत्येक वार्ड में ग्रीन रूम की सुविधा के साथ-साथ उच्च गुणवत्ता के दस्ताने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएं।

उन्होंने कहा कि रोहतक में सफाई कर्मचारियों के दो बच्चों को एंटरप्रेन्योर बनाने में मदद करें। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा गीले और सूखे कचरे को अलग करने का प्रंसशनीय कार्य चल रहा है।

‘सफाई कर्मियों का रखा जाएगा ख्याल’

इंजि. कृष्ण कुमार ने शहर में सीवर सफाई के संदर्भ में कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय अनुसार किसी भी सफाई कर्मचारी को सीवर में सफाई के लिए नहीं उतारा जाएगा। सीवर जाम के बारे में जानकारी के लिए सेंसर लगाया गया है, जिससे सीवर जाम की सही जगह का पता लगाया जा सकता है। सीवर सफाई को पूर्णतया मशीनों द्वारा करवाने के प्रबंध करने है।

उन्होंने कहा कि शहरों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है तथा शहरों की समुचित सफाई के लिए सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने के साथ-साथ उनके सामाजिक उत्थान पर भी ध्यान देना होगा। नियमित अंतराल पर सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच भी करवाई जाए।

कृष्ण कुमार ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का भी सफाई कर्मचारियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र से बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण में लगे कर्मियों के कल्याण की दिशा में कार्य करने को कहा है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों में तैनात सफाई कर्मचारियों के संदर्भ में कहा कि इन कर्मचारियों से केवल गलियों की सफाई करवाई जाए बल्कि गहरे नाले और तालाबों इत्यादि की सफाई में इन कर्मचारियों को न लगाया जाए।

‘मृतक के परिजनों को रोजगार दिया जाए’

मृत सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार दिया जाए और किसी भी कर्मचारी का शोषण न हो। सफाई कर्मचारियों को मृत्यु पर दो लाख रुपए बीमा भी प्राप्त होता है। ये सुनिश्चित हो कि पीड़ित कर्मचारी के आश्रितों को पूरी धन राशि मिले। इन कर्मचारियों को ईएसआई और ईपीएफ बारे भी जागरूक किया जाए।

आयोग ने सफाई कर्मचारियों की जानी समस्याएं

हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष इंजि. कृष्ण कुमार ने इससे पहले स्थानीय पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी। इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने इसके बाद जिला विकास भवन में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों और शहरी सफाई कर्मचारियों समस्याएं जानी, वहीं उपस्थित अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular