शांति प्रकाश जैन.रोहतक : हरियाणा के जाटलैंड समझे जाने वाले क्षेत्र में भाजपा, इनेलो और जजपा कांग्रेस के जनाधार को अपनी तरफ मोडने के लिए दिन-रात एक किए हुए है। रोहतक, सोनीपत, झज्जर और जींद जिलों में ये तीनों पार्टी कांग्रेस के किले में सेंध लगाने में लगी हुई है। इसका सबसे बडा कारण पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का इन दिनों में अपना अलग विशेष प्रभाव है।
यही नहीं मुख्यमंत्री का पद संभालते ही रोहतक के निवासियों में हरियाणा की चौधर रोहतक में आने का नारा भी बुलंद हो गया था। भाजपा, इनेलो व जजपा को यह हजम नहीं हो पा रहा है। इसी के चलते तीनों दल अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करके कांग्रेस को चुनौती दे रहे हैं। जिसके चलते भाजपा, इनेलो व जजपा भूपेंद्र सिंह हुड्डा के वर्चस्व को समाप्त करने में जुटी हुई है।
इनेलो 25 सितंबर को पूर्व उप प्रधानमंत्री ताउ देवीलाल के जन्मदिन पर रोहतक में सम्मान रैली करके अपनी शक्ति का परिचय देने के प्रयास में जुटी है। वैसे कभी रोहतक जिला चैधरी देवीलाल की राजनीति का गढ़ भी रहा था। अब इनेलो सम्मान रैली करके प्रदेश में अपना पुराना वर्चस्व स्थापित करने में लगी है। सूत्रों के अनुसार इनेलो सर्वे सर्वा अभय सिंह चैटाला रोहतक में अपना आवास स्थापित करने जा रहे है।
भाजपा स्वच्छ सेवा पखवाड़े के नाम पर आमजन से संपर्क साधकर कांग्रेस की नीतियों का खुलकर विरोध करने में जुटी है। पार्टी का सारा फोकस रोहतक ही है। पिछले एक सप्ताह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रोहतक शहर में 2 जनसभाएं आयोजित कर रोहतक की जनता को अपनी ओर करने का प्रयास किया है।
भाजपा का प्रदेश कार्यालय पंचकूला में स्थापित हैं लेकिन रोहतक स्थित कमल मंगल कार्यालय भाजपा की गतिविधियों का केंद्र अब भी बना हुआ है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदेश प्रभारी आदि प्रमुख नेता रोहतक में ही प्रवास करते है और पार्टी की गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगे हैं।
कांग्रेस पार्टी वोट चोर की मुहिम को चलाकर हरियाणा में हस्ताक्षर अभियान चलाकर आमजन को पार्टी से जोड़ने में लगी है। पार्टी को और मजबूती प्रदान करने के लिए यह कदम कारगर बताया जा रहा है।
जजपा ने भी रोहतक जिले में अपनी पैठ जमाने के लिए जनसंपर्क अभियान छेडा हुआ है। पार्टी के प्रदेश नेता जिले में घूम-घूमकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचा रहे है। पार्टी के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चैटाला भी जिले का दौरा करके पार्टी को मजबूती प्रदान कर रहे है।
अब यह तो समय ही बताएगा कि भाजपा, इनेलो और जजपा भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गृह जिले रोहतक में अपनी पैठ बनाने में कितने कामयाब होकर सफलता प्राप्त कर पाते है।