हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा फरवरी/मार्च-2026 में संचालित करवाई गई डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष-2023-2025 प्रथम/द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर), प्रवेश वर्ष-2024-2026 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा का परिणाम 14 मई, 2026 को घोषित कर दिया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार ने बताया कि कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष-2023-25 व 2024-26 में रि-अपीयर रहे छात्र-अध्यापक एवं प्रवेश वर्ष- 2024-26 द्वितीय वर्ष नियमित तथा प्रवेश वर्ष 2025-27 प्रथम वर्ष के नियमित छात्र-अध्यापकों की परीक्षा अक्तूबर-2026 में संचालित करवाई जानी है। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने हेतु तिथियां निर्धारित कर दी गई है। इस परीक्षा हेतु छात्र-अध्यापक 21 मई, 2026 से संबन्धित संस्था की लॉगिन आईडी के माध्यम से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रि-अपीयर परीक्षा के लिए शुल्क 800/- रूपये प्रति विषय है, एक से अधिक विषयों में रि-अपीयर है तो परीक्षा शुल्क प्रति विषय 200/- रूपये अतिरिक्त देय होगा व अधिकतम परीक्षा शुल्क 2000/- रूपये प्रति छात्र-अध्यापक होगा। बोर्ड नियमानुसार डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2025-27 नियमित छात्र-अध्यापकों के लिए परीक्षा शुल्क 4300/- रूपये प्रति छात्र दोनों वर्षों के लिए एक मुश्त निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि संबन्धित शिक्षण संस्थान बिना विलंब शुल्क 21 मई से 04 जून, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें। इसके पश्चात 100/- रूपये विलंब शुल्क सहित 05 जून से 11 जून, 2026 तक, 300/- रूपये विलंब शुल्क सहित 12 जून से 18 जून, 2026 तक एवं 1000/- रूपये विलंब शुल्क सहित 19 जून से 25 जून, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी संबन्धित संस्थाएं निर्धारित तिथियों में ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करना सुनिश्चित करें, इसके उपरान्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

