Lok Sabha Elections 2024 : हरियाणा के यमुनानगर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नहीं हैं। बल्कि वह उनकी विचारधारा के खिलाफ हैं। देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना बंद की जाएगी। उन्होंने उक्त बात मंगलवार को कांग्रेस द्वारा जगाधरी की नई अनाज मंडी में आयोजित की जनसभा में कहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम विचारधारा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरगिज खिलाफ नहीं हैं। बल्कि उनकी और आरएएस की विचारधारा के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आपको होशियार समझते हैं। मगर मोदी से ज्यादा देश की जनता होशियार है। यह लड़ाई जनता और नरेंद्र मोदी व भाजपा के बीच है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नरेंद्र मोदी को झूठों का सरदार कहकर संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि मोदी पहले कहते थे कि कांग्रेस ने 70 साल में देश के लिए क्या किया है। मगर अब कहते हैं कि कांग्रेस ने ने 55 साल में क्या किया है। नरेंद्र मोदी भूल गए हैं कि कांग्रेस की बनाई हुई नीतियों के कारण ही वह आज प्रधानमंत्री बने हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा में अंबाला लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी वरुण चौधरी के लिए जनता से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि मोदी नारा देते हैं कि सबका साथ -सबका विकास। मगर सबका साथ लेकर मोदी ने सबका सत्यानाश कर दिया। मोदी देश के किसानों पर कभी कुछ नहीं बोलते हैं।
खड़गे ने कहा कि हद तो यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र को मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र बताते हैं। वह कहते हैं कि कांग्रेस सरकार बनी तो लोगों का हक मुसलमानों को दें देंगे। मोदी को पढ़ना नहीं आता है। वह बताएं की कांग्रेस के घोषणा पत्र में यह सब कहां लिखा है। ऐसे ऊंचे पद पर बैठ कर भी वह झूठ बोलते हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने कहा कि देश में गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को बंद किया जाएगा।