रोहतक : सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत 16 फरवरी को रोहतक आएंगे। वे यहां बार एसोसिएशन रोहतक की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में शिरकत करेंगे। इसी के मद्देनजर जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारियों तथा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को समारोह स्थल का दौरा किया।
दौरा करने वालों में प्रमुख तौर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजनी यादव, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप कुमार दुग्गल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेलेन्द्र नरवाल , अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कौशिक, एसीजेएम मोहम्मद सागीर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डा. तरन्नुम खान तथा जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा शामिल थे।
गौरतलब है कि बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में मुख्य न्यायाधीश से दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात कर रोहतक आने का निमंत्रण दिया था। इस दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने रोहतक के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव को याद किया और जल्द ही रोहतक का दौरा करने का आश्वासन दिया था। इससे पहले बार के पदाधिकारियों व वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने दिल्ली में मुख्य न्यायाधीश के सम्मान में हुए समारोह में भी शिरकत की थी। सूर्यकांत ने जब मुख्य न्यायाधीश की शपथ ली थी, तब उसका लाइव प्रसार बार एसोसिएशन के सभागार में किया गया था।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि सीजेआई सूर्यकांत ने वर्ष 1984 में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने हिसार जिला न्यायालय में वकालत शुरू की और तत्पश्चात वे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में वकालत की प्रेक्टिस के लिए चंडीगढ चले गए। वर्ष 2000 में वे हरियाणा के सबसे युवा महाधिवक्ता बने। फिर वर्ष 2004 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में न्यायाधीश बने और वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत हुए। 24 नवंबर 2025 को राष्ट्रपति द्वारा उन्हें 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।
दीपक हुड्डा ने कहा कि रोहतक को सीजेआई सूर्यकांत की कर्मभूमि के रूप में भी याद किया जाता है। इसलिए उनका रोहतक के साथ विशेष लगाव है। हुड्डा ने बताया कि रोहतक बार भी ऐतिहासिक है और यह 137 वर्ष पुरानी है। उन्होंने कहा कि सीजेआई के अभिनंदन समारोह को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

