Monday, March 10, 2025
Homeहरियाणाबलिदानी सैनिक निशांत मलिक की बहन को दिया जेई के पद का...

बलिदानी सैनिक निशांत मलिक की बहन को दिया जेई के पद का नियुक्ति पत्र

चंडीगढ़ : 2022 में राजौरी पुंछ इलाके में उग्रवादियों से मुठभेड़ के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले हिसार जिले के वीर सैनिक निशांत मलिक की बहन को जेई के पद का हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणवीर गंगवा (Ranbir Singh Gangwa) ने नियुक्ति पत्र सौंपा।

इस अवसर पर हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोक निर्माण मंत्री  रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार वीर सैनिकों के सम्मान और उनके परिजनों के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के राजौरी पुंछ में वर्ष 2022 में उग्रवादियों से मुठभेड़ के दौरान देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सैनिक निशांत के परिवार को उसी समय हरियाणा सरकार की योजना अनुसार 50 लाख रुपए की सहायता राशि मुहैया करा दी गई थी आज बलिदानी सैनिक की बहन को उनकी योग्यता के अनुसार लोक निर्माण विभाग में जेई (सिविल) के पद पर नियुक्त करने हेतु नियुक्ति पत्र सौंपा गया है।

लोक निर्माण मंत्री रणवीर गंगवा ने कहा कि बलिदानी सैनिकों का ऋण हम कभी नहीं चुका सकते। हरियाणा सरकार देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।

इस अवसर पर हांसी से विधायक विनोद भयाना ने कहा कि हम वीर बलिदानी सैनिकों के परिजनों के साथ हमेशा खड़े हैं और हमें उनके बलिदान पर गर्व है देश उनका कर्ज कभी नहीं चुका सकता।

बलिदानी सैनिक निशांत के पिता जयवीर और नियुक्ति पत्र पाने वाली उनकी बहन कुमारी नीरज ने जेई के पद पर नियुक्ति पत्र देने के लिए मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी, मंत्री रणबीर गंगवा और विधायक विनोद भयाना का आभार जताया।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular