हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी विभागाध्यक्षों को अखिल भारतीय सिविल सेवा संगीत, नृत्य एवं लघु नाटिका प्रतियोगिता 2024-25 में भाग लेने के इच्छुक अधिकारियों/कर्मचारियों के नाम प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा आज यहां जारी एक पत्र में बताया गया है कि प्रतियोगिता के लिए ट्रायल 19 फरवरी, 2025 को प्रातः 10 बजे हरियाणा कला परिषद, कुरूक्षेत्र के सभागार में आयोजित किये जायेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार के कर्मचारी निर्धारित प्रारूप में अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकते हैं। हालांकि, रक्षा सेवाओं, अर्धसैनिक संगठनों, केंद्रीय पुलिस संगठनों, पुलिस, आरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एनएसजी आदि में वर्दीधारी कर्मी, स्वायत्त निकायों, उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी, भले ही प्रशासनिक रूप से केंद्रीय मंत्रालयों या राज्य सरकारों द्वारा नियंत्रित हों, आकस्मिक या दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी, अस्थायी ड्यूटी पर कर्मचारी और छह महीने से कम नियमित सेवा वाले नए भर्ती कर्मचारी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र नहीं हैं।
अखिल भारतीय सिविल सेवा संगीत, नृत्य और लघु नाटक प्रतियोगिता 2024-25 केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक और खेल बोर्ड द्वारा 25 फरवरी से 3 मार्च, 2025 तक प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर, पटना, बिहार में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के बारे में तारीखों/स्थल/रद्दीकरण आदि के बारे में विस्तृत जानकारी dopt.gov.in पर देखी जा सकती है।