Friday, October 10, 2025
Homeदेशहरियाणा को मिले 1090 चिकित्सा अधिकारी, CM सैनी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

हरियाणा को मिले 1090 चिकित्सा अधिकारी, CM सैनी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में नवचयनित 705 महिला चिकित्सा अधिकारियों सहित कुल 1090 चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमे स्वास्थ्य विभाग के 561 डॉक्टर्स और आयुष विभाग के 529 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।

पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय अभिसंस्करण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारियों से आग्रह किया कि पूरी मेहनत व लग्न के साथ मानवता की सेवा करते हुए स्वस्थ हरियाणा और सशक्त भारत का निर्माण करने में अपना योगदान दें। सभी चिकित्सा अधिकारी संवेदनशीलता और करुणा भाव रखते हुए ग्रामीण सहित प्रदेश के दूर दराज़ क्षेत्र में सेवाएं देकर अपना कर्त्तव्य निभाएं।

प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए वर्तमान सरकार ने किए अथक प्रयास

उन्होंने कहा कि आज नियुक्त हुए डॉक्टर्स की सेवा में आने से प्रदेश में डॉक्टरों की कमी पूरी होगी। इसके अलावा, वर्तमान में 777 चिकित्सा अधिकारियों के नियमित पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए वर्तमान सरकार ने अथक प्रयास किए हैं। सरकार ने प्रदेश में एम.बी.बी.एस. की सीटें बढ़ाकर 2185 कर दी हैं, जबकि वर्ष 2014 में केवल 700 एम.बी.बी.एस. सीटें थी। इसके अलावा, पी.जी. की सीटें भी 289 से बढ़ाकर 1006 की गई हैं। इससे भविष्य में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी पूरी होगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना बहुत बड़ी चुनौती है। इसलिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए आज उच्चकोटि के चिकित्सा शिक्षा संस्थान खोलने की जरूरत है। हरियाणा सरकार ने इस दिशा में आगे बढ़ते हुए हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना का लक्ष्य रखा है। अब तक 9 नए मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं, इन्हें मिलाकर प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज चल रहे हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार नागरिकों को बेहतर हेल्थकेयर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर, मैनपावर, उपकरणों व दवाइयों आदि के मामले में अपग्रेड हो रहा है। वर्तमान में हरियाणा के 22 जिला नागरिक अस्पतालों, 50 उपमंडल अस्पतालों, 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, 33 डिस्पेंसरी, 13 पॉलीक्लिनिक, 408 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 107 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 55 फर्स्ट रेफरल यूनिट्स और 2734 उप स्वास्थ्य केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, आयुष विभाग के महानिदेशक श्री संजीव वर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

RELATED NEWS

Most Popular