Haryana Board : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सेकेण्डरी/सीनियर सेकेण्डरी (नियमित) एवं गुरुकुल/विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) वार्षिक परीक्षा मार्च-2026 हेतु अराजकीय अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालय के लिए बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर 10 दिसम्बर, 2025 से ऑनलाइन आवेदन-पत्र लाइव किए जा रहे हैं।
जानकारी देते हुए बोर्ड के अध्यक्ष डॉ० पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर एवं सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि सेकेण्डरी/सीनियर सेकेण्डरी अराजकीय अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालय एवं गुरुकुल/विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) वार्षिक परीक्षा मार्च-2026 के लिए 10 दिसम्बर से 18 दिसम्बर तक बिना विलम्ब शुल्क, 19 दिसम्बर से 22 दिसम्बर तक 100/- रुपए विलम्ब शुल्क सहित, 23 दिसम्बर से 26 दिसम्बर तक 300/- रूपये विलम्ब शुल्क सहित तथा 27 दिसम्बर से 30 दिसम्बर, 2025 तक 1000/- रुपए विलम्ब शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि उपरान्त कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि सेकेण्डरी/पूर्व मध्यमा/सह माध्यमिक परीक्षा हेतु नियमित परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 850/- रुपए, माइग्रेशन शुल्क 50/- रुपए व प्रति परीक्षार्थी 100/- रुपए प्रायोगिक परीक्षा शुल्क, कुल 1000/- रुपए तथा सीनियर सेकेण्डरी/उत्तर मध्यमा/सह माध्यमिक परीक्षा हेतु नियमित परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1000/- रुपए ,माइग्रेशन शुल्क 100/- रुपए एवं प्रति परीक्षार्थी 100/- रूपये प्रायोगिक परीक्षा शुल्क, कुल 1200/- रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त यदि सीनियर सेकेण्डरी/उत्तर मध्यमा परीक्षार्थी द्वारा अतिरिक्त विषय की परीक्षा दी जानी है, तो उसे परीक्षा शुल्क के अलावा 200/- रुपए अतिरिक्त विषय शुल्क जमा करवाना होगा।
उन्होंने बताया कि विद्यालयी/गुरुकुल/विद्यापीठ परीक्षार्थी ऑनलाइन पंजीकरण के लिए शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर लॉगिन करें। ऑनलाइन पंजीकरण हेतु दिशा-निर्देश विद्यालय की लॉगिन आई.डी. पर उपलब्ध है। सभी विद्यालय/गुरुकुल/विद्यापीठ के मुखिया बोर्ड वेबसाइट व सम्बन्धित विद्यालयों की लॉगिन आई.डी. पर दिए गए दिशा-निर्देशों को भली-भांति पढ़ने उपरान्त ही समय रहते परीक्षार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी सम्बन्धित विद्यालय के मुखियाओं को निर्देश देते हुए कहा कि जिन परीक्षार्थियों के ऑनलाइन आवेदन भरे जाने हैं, उनके विवरण विद्यालय रिकार्ड अनुसार सही होने चाहिए, इसलिए आवेदन करते समय विवरणों को भली-भांति जांच लें। यदि आवेदन-पत्र में किसी प्रकार की कोई त्रुटि पाई जाती है, तो विद्यालय मुखिया स्वयं जिम्मेदार होंगे। परीक्षा आरम्भ होने पर फोटो/हस्ताक्षर सम्बन्धी त्रुटि ठीक नहीं की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान हेतु हैल्पलाईन नम्बर 01664-254300 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

