हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि शिक्षा बोर्ड की सेकेण्डरी/सीनियर सेकेण्डरी की वार्षिक परीक्षाओं का संचालन 25 फरवरी, 2026 से करवाया जा रहा है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के संज्ञान में आया है कि आगामी वार्षिक परीक्षाओं के संबंध में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और यूटयूब चैनलों पर अत्यंत भ्रामक और निराधार खबरें प्रसारित की जा रही हैं। कई असामाजिक तत्वों और डिजिटल चैनलों द्वारा यह झूठा दावा किया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र प्री-बोर्ड परीक्षाओं के समान होंगे या उनके पास मुख्य परीक्षा के प्रश्न-पत्र पहले से उपलब्ध हैं।
उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड प्रशासन इस प्रकार के सभी दावों का कड़ाई से खंडन करता है और स्पष्ट करता है कि परीक्षाओं की गोपनीयता और शुचिता अक्षुण्ण है। बोर्ड की मुख्य परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया अत्यंत सुरक्षित और गोपनीय होती है, जिसका प्री-बोर्ड के प्रश्न-पत्रों से कोई सीधा संबंध नहीं होता।
उन्होंने स्पष्ट करते हुए बताया कि सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी की प्री-बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन शिक्षा निदेशालय, पंचकूला द्वारा करवाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य परीक्षार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें परीक्षा के प्रारूप से परिचित कराना है। इस प्रकार की भ्रामक जानकारी न केवल परीक्षार्थियों का ध्यान भटकाती है, बल्कि उनमें भ्रम और तनाव की स्थिति भी पैदा करती है।
बोर्ड सचिव ने सभी परीक्षार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को सूचित करते हुए कहा कि वे ऐसी किसी भी अनाधिकृत सूचना, वीडियो या दावों पर विश्वास न करें। परीक्षा से संबंधित किसी भी निर्देश या नवीन जानकारी के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर विजिट करते रहें। परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपना कीमती समय इन अफवाहों में व्यर्थ न करें, केवल बोर्ड द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम व प्रश्न-पत्र नमूने अनुसार ही वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी करें।

