Monday, March 2, 2026
Homeशिक्षाHBSE Exams : सीनियर सेकेण्डरी की परीक्षा में नकल के 28 मामले...

HBSE Exams : सीनियर सेकेण्डरी की परीक्षा में नकल के 28 मामले दर्ज, 1 केन्द्र अधीक्षक, 2 पर्यवेक्षक व 2 लिपिक कार्यभार मुक्त

HBSE Exams : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सोमवार (2 मार्च) को आयोजित करवाई गई सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक व मुक्त विद्यालय) भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र विषय एवं डी.एल.एड.(रि-अपीयर) की परीक्षा सुव्यवस्थित व शान्तिपूर्वक संचालित हुई। कुछ परीक्षा केन्द्रों पर नकल के कुल 28 मामले दर्ज किए गए तथा परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण 01 केन्द्र अधीक्षक, 02 पर्यवेक्षकों व 02 लिपिकों को कार्यभार मुक्त किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 1162 परीक्षा केन्द्रों पर संचालित हुई सीनियर सेकेण्डरी एवं डी.एल.एड. की परीक्षा में 88,410 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए।

बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि अध्यक्ष के उनके उडऩदस्ते द्वारा जिला-झज्जर के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया, जहां परीक्षा केन्द्र रा.क.व.मा.वि., बहु झोलरी-02 पर अनुचित साधन प्रयोग का 01 मामला दर्ज किया।

उन्होंने बताया कि बोर्ड उपाध्यक्ष ने स्वयं जिला अम्बाला व पंचकूला तथा उनके उडनदस्ते द्वारा जिला फरीदाबाद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया, जहां परीक्षा नकल रहित सुव्यवस्थित संचालित हो रही थी।

प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते द्वारा जिला फरीदाबाद व पलवल के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, जहां फरीदाबाद व पलवल जिले में अनुचित साधन प्रयोग का 01-01 केस पकड़ा। शेष परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शान्तिपूर्वक ढंग से संचालित हो रही थी। नकल पर अकुंश लगाने के लिए बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में गठित किए गए अन्य उडऩदस्तों द्वारा प्रदेशभर में नकल के 25 मामले दर्ज किए गए।

उन्होंने बताया कि अध्यक्ष विशेष आरएएफ विशेष उड़नदस्ता द्वारा जिला भिवानी के परीक्षा केन्द्र रा.व.मा.वि.,देवराला-02 पर नियुक्त पर्यवेक्षक बंसत कुमार, टीजीटी-कला अध्यापक, रा.क.व.मा.वि., कैरू एवं सुन्दर सिंह, लिपिक, रा.व.मा.वि.,देवराला एवं नियन्त्रण कक्ष भिवानी से संचालित आर.ए.एफ-7 द्वारा परीक्षा केन्द्र रा०व०मा०वि०, टपकान-01(नूंह) केन्द्र पर नियुक्त पर्यवेक्षक उमेद शर्मा, पीजीटी, हिन्दु व०मा०वि०, नूंह को ड्यूटी में कौताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया।

उन्होंने बताया कि उप-मण्डल अधिकारी(ना०) रोहतक के उड़नदस्ते द्वारा परीक्षा केन्द्र शहीद रविन्द्र कुमार रा.व.मा.वि., गांधी नगर पर नियुक्त केन्द्र अधीक्षक जयकंवर, पीजीटी हिन्दी, रा.व.मा.वि., हसनपुर (तावडु) को ड्यूटी में लापरवाही के चलते कार्यभार मुक्त किया गया।

इसके अतिरिक्त एस.टी.एफ-4 द्वारा निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परीक्षा केन्द्र रा०क०उच्च वि०, कौल (कैथल) में केन्द्र अधीक्षक के पास केन्द्र पर लिपिक की नियुक्ति की स्वीकृति न पाए जाने के कारण विक्रम सिंह लिपिक, आर्य व.मा.विद्यापीठ, पबनावा को आज की परीक्षा समाप्ति उपरान्त कार्यभार मुक्त किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि 03 मार्च को संचालित होने वाली सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की शारीरिक शिक्षा तथा डी.एल.एड. प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा में 95,705 परीक्षार्थी प्रविष्ट होगें।

RELATED NEWS

Most Popular