Tuesday, August 25, 2026
Homeदेशगुरमीत राम रहीम को 21 दिन की पैरोल, 17वीं बार जेल से...

गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की पैरोल, 17वीं बार जेल से आया बाहर

Rohtak News: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 21 दिन की पैरोल मिल गई है। मंगलवार, 25 अगस्त की सुबह करीब 6:05 बजे उसे रोहतक की सुनारिया जेल से रिहा किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद राम रहीम इस बार सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम जाएगा। खास बात यह है कि लगातार तीसरी बार उसे सिरसा आश्रम जाने की अनुमति मिली है। मौजूदा फरलो को मिलाकर राम रहीम अब तक 17 बार जेल से बाहर आ चुका है।

इससे पहले 26 मई को उसे 30 दिन की पैरोल मिली थी। वहीं, इसी साल जनवरी में उसे 40 दिन की पैरोल दी गई थी। पैरोल पूरी होने के बाद वह 15 फरवरी को सुनारिया जेल वापस लौटा था।

गौरतलब है कि वर्ष 2017 में गुरमीत राम रहीम को दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में दोषी करार दिया गया था। इसके बाद 28 अगस्त 2017 को अदालत ने दोनों मामलों में 10-10 साल की सजा सुनाई थी। दोनों मामलों में उसे कुल 20 साल की जेल की सजा हुई है।

राम रहीम को 21 दिन की पैरोल मिलने के बाद विपक्षी दलों के साथ-साथ कई सामाजिक संगठनों ने भी सवाल उठाए हैं।कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण और महिला सशक्तिकरण को लेकर चाहे जितने घड़ियाली आंसू बहाए, यह सब सिर्फ दिखावा और ड्रामा है। खेड़ा ने यह भी दावा किया कि 2017 में गिरफ्तारी के बाद राम रहीम 450 से ज्यादा दिन जेल से बाहर रह चुका है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular