Wednesday, October 28, 2026
Homeहरियाणा30 अक्टूबर को भव्य सम्मान समारोह : एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों के पदक...

30 अक्टूबर को भव्य सम्मान समारोह : एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ी सम्मानित होंगे

हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों को सम्मान देने और उनका उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भिवानी के भीम स्टेडियम में राज्य स्तरीय खिलाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल में यह जानकारी देते हुए खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों से समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करना प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खिलाडिय़ों की उपलब्धियां युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय खिलाड़ी सम्मान समारोह खिलाडिय़ों के योगदान को सम्मान देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को मिलेगी पुरस्कार राशि

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों में पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हुए करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह सम्मान खिलाडिय़ों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और प्रदेश के युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दिया जाएगा।

महिला हरियाणा स्टाइल कबड्डी मुकाबला रहेगा आकर्षण

सम्मान समारोह के दौरान हरियाणा और पंजाब की महिला टीमों के बीच हरियाणा स्टाइल कबड्डी का रोमांचक मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समारोह में कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा, जिसमें विजेता खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

RELATED NEWS

Most Popular