Rohtak News : जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल (G.D. Goenka International School) ने खेल क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए अपनी नवगठित क्रिकेट टीम गोयनकन वाॅरियर्स की आधिकारिक घोषणा की।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान (फेलिसिटेशन) समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात निदेशक विक्रांत मायना ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है और ‘गोएनकन वॉरियर्स’ इसी सोच का परिणाम है।

निदेशिका सान्या मायना ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टीम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देगी। सहायक निदेशक श्री हिमांशु गुप्ता ने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
समारोह में टीम के सभी खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद संवाद (इंटरएक्शन) सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने खिलाड़ियों से सीधे बातचीत की। विद्यार्थियों ने अभ्यास दिनचर्या, फिटनेस, मैच के दबाव से निपटने और संतुलित आहार से जुड़े प्रश्न पूछे। खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि निरंतर अभ्यास, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी है। शिक्षकों ने खेल और पढ़ाई में संतुलन बनाए रखने पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

संवाद सत्र के दौरान खिलाड़ियों ने युवाओं को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का महत्व समझाया तथा कहा कि हार से सीख लेकर आगे बढ़ना ही असली जीत है।
कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों को टीम जर्सी प्रदान की गई और समूह चित्र लिया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण रहा। नई टीम ‘गोएनकन वॉरियर्स’ से भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन की आशा व्यक्त की गई।

