Friday, March 27, 2026
Homeदेशपूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा बोले- राज्यसभा चुनाव में धांधली करने वाले निर्वाचन...

पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा बोले- राज्यसभा चुनाव में धांधली करने वाले निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत करेगी कांग्रेस

चंडीगढ़ : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में धांधली करने वाले निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ कांग्रेस चुनाव आयोग में शिकायत करेगी। क्योंकि उन्होंने बीजेपी के साथ मिलकर साजिश रची और कांग्रेस के 4 वोट रद्द कर दिए। हुड्डा ने मांग की कि चुनाव आयोग इस मामले में तुरंत कार्रवाई करे।

हुड्डा अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इनेलो को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में एक बार फिर साफ हो गया है कि इनेलो कभी भी बीजेपी के खिलाफ नहीं जा सकती। उन्होंने कहा कि इस बार इनेलो ने वोट इसलिए नहीं किया क्योंकि उसे पता चल चुका था कि कांग्रेस की जीत निश्चित है। वोट रद्द होने और क्रॉस वोटिंग के बावजूद कांग्रेस के पास 28 वोट थे, जबकि बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार को सिर्फ 16 वोट मिले थे। हुड्डा ने कहा कि अगर इनेलो निर्दलीय के पक्ष में वोट भी डालती तो भी कांग्रेस की जीत पक्की थी।

देश में एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की किल्लत पर बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार ने कई सालों तक जनता से पेट्रोल-डीजल पर कांग्रेस शासन के मुकाबले डबल टैक्स वसूला। अब एक्साइज ड्यूटी भी इस तरह घटाई जा रही है कि उससे आम जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उल्टा ईंधन के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने नायरा कंपनी द्वारा पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ाने और सिलेंडर की कालाबाजारी का भी मुद्दा उठाया। देशभर में गैस की किल्लत पर हुड्डा ने सवाल किया कि अगर सरकार कह रही है कि कोई कमी नहीं है, तो जगह-जगह लोगों की लंबी लाइनें क्यों लग रही हैं? उन्होंने हरियाणा में रसोई गैस की कमी के लिए भी बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि सरकार अभी तक स्थिति को लेकर स्पष्ट नहीं हो रही है।

कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार में कानून-व्यवस्था का पूरी तरह दिवाला निकल चुका है। पूरे देश में हरियाणा सबसे असुरक्षित राज्य है, ये खुद केंद्र सरकार का सामाजिक प्रगति सूचकांक बताता है।

IDFC बैंक में हुए 590 करोड़ रुपये और पंचकूला नगर निगम में 160 करोड़ के घोटाले का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि अभी तक यह नहीं पता चला कि घोटाला किसके हस्ताक्षर से हुआ और कौन जिम्मेदार है। उन्होंने मांग की कि पूरी जांच हो, दोषियों के नाम सामने आएं और उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। धान खरीद में हुए हजारों करोड़ के घोटाले का मुद्दा उठाते हुए हुड्डा ने आरोप लगाया कि बड़े पदों पर बैठे लोग इसमें शामिल हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर छोटे कर्मचारियों को फंसाने में लगी हुई है और असली दोषियों को बचाया जा रहा है।

RELATED NEWS

Most Popular