Friday, April 17, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाधिकृत कट लगाने वाले ढाबा संचालकों पर...

रोहतक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाधिकृत कट लगाने वाले ढाबा संचालकों पर दर्ज होगी एफआईआर

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सड़क स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में किसी भी सडक़ के किनारे जलभराव न हो। सभी सड़कों के साथ जल निकासी के लिए ड्रेन का निर्माण करवाया जाये। अधिकारी सडक़ सुरक्षा की दृष्टिï से सभी आवश्यक प्रबंध करें ताकि सडक़ दुर्घटनाओं को कम से कम करके जान-माल की हानि को कम किया जा सके।

सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाधिकृत कट लगाने वाले ढाबा संचालकों के विरुद्घ एफआईआर दर्ज करवाई जाए तथा ऐसे कट तुरंत बंद करवाएं जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारी ले जाने वाले ऑटो के चालान किये जाये। इन वाहनों को नगर निगम/पालिका क्षेत्र में ही सवारी ले जाने की अनुमति है। उन्होंने कहा कि गलत साइड वाहन चलाने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ऑवर स्पीड तथा सडक़ के किनारे वाहन खड़ा करने वालों के पुलिस द्वारा चालान किये जाये ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि संबंधित विभागों द्वारा पूर्ण किये गए मॉडल रोड़ निर्माण की वीडियो शेयर की जाये तथा शेष विभागों द्वारा मॉडल रोड़ के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी म्हारी सड़क ऐप की भी नियमित रूप से निगरानी करें।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कि यातायात नियमों की सख्ती से अनुपालना करवाई जाये। सरकारी कार्यालयों व भवनों में बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन चालक को प्रवेश की अनुमति न दी जाये।

सचिन गुप्ता ने कहा कि शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा 250 सीसीटीवी कैमरे लगाये गए है, जिनमें से 232 कैमरे चालू है तथा शेष अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी दुरुस्त करवाया जाये।

उन्होंने बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के सामने निर्माणाधीन सड़क के संदर्भ में भी नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक हिदायतें दी। उन्होंने भैणी महाराजपुर में सड़क के साथ भरे जल के संदर्भ में जनस्वास्थ्य विभाग व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि उपमंडलाधीश स्कूलों में ग्रीष्म अवकाश के दौरान स्कूल बसों के सभी निर्धारित मापदंडों को पूरा करवाये। स्कूल संचालकों को इस संदर्भ में आवश्यक हिदायतें दी जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी निरंतर यातायात नियमों के क्रियान्वयन की निगरानी करें तथा सडक़ सुरक्षा प्रबंधों का भी ध्यान रखें।

इस अवसर पर एएसपी आयुष यादव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार सहित सभी सडक़ स्वामित्व एजेंसियों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पंवार तथा महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार एवं राष्टï्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े।

RELATED NEWS

Most Popular