Sunday, December 21, 2025
Homeहरियाणारोहतकपशु खुला छोड़ने पर जुर्माना : बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए...

पशु खुला छोड़ने पर जुर्माना : बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए रोहतक नगर निगम ने चलाया विशेष अभियान

Rohtak News : नगर निगम द्वारा रोहतक शहर में बेसहारा पशुओं को पकड़वाने का अभियान चलाया गया। नगर निगम द्वारा सितम्बर 2025 से अभी तक 1200 से अधिक पशु निगम क्षेत्र से पकड़वाकर पहरावर स्थित नगर निगम की गौशाला में छोड़े जा चुके है तथा टीमें निरंतर कार्य कर रही है जोकि रात के समय भी बेसहारा पशुओं को पकड़ने का कार्य कर रही है, इस कार्य में दो टीमें लगी हुई हैं।

नगर निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा बेसहारा पशुओं को पकड़ने के साथ-साथ सभी पशुओं की टैगिंग की जा रही है तथा टैग पर नंबर आदि लिखा होता है व निगम की पहचान बनवाई गई है ताकि निगम द्वारा पकड़े गये पशुओं की अलग से पहचान की जा सके। इसके अतिरिक्त निगम द्वारा गौशाला में पशुओं का पूर्ण रिकार्ड भी रखा जा रहा है। निगम द्वारा माह सितम्बर में 582, अक्तूबर में 228, नवम्बर में 253 व दिसम्बर माह में अभी तक 160 पशु पकड़वाए गए हैं तथा निगम द्वारा खुले में पशु छोड़ने वाले व्यक्तियो पर जुर्माना लगाया जा रहा है।

नगर निगम आयुक्त ने यह भी बताया कि नगर निगम द्वारा बेसहारा पशुओं को पकड़ने की कार्य को ई-निविदा के माध्यम से किया गया था तथा नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर रोहतक शहर से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में छोड़ने का कार्य निरंतर जारी रहेगा ताकि रोहतक शहर को आवारा पशु मुक्त शहर बनाया जा सकें व आमजन को असुविधा न हो।

निगम आयुक्त ने कहा कि प्रायः देखने में आता है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़ा जाता है तथा उन्हें पकड़ने पर झगड़ा करते है जिस बारे स्पष्ट किया जाता है कि नगर निगम, रोहतक की टीम द्वारा शहर से पकड़ गया बिना जुर्माना भरे वापस नहीं लौटाए जाएंगे तथा झगड़ा करने पर सम्बन्धित के विरूद्व प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी। प्रथम बार पशु पकड़े जाने पर 5000 रुपए जुर्माना व दूसरी बार पशु पकड़े जाने पर 11000 रुपए जुर्माना तथा तीसरी बार पशु पकड़े जाने पशु को जब्त करने के साथ-साथ 21000 रुपए जुर्माना वसूला जाएगा।

RELATED NEWS

Most Popular