Tuesday, September 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकृषि मेला में जुटेंगे कई राज्यों के किसान : CM नायब सिंह...

कृषि मेला में जुटेंगे कई राज्यों के किसान : CM नायब सिंह सैनी 45 प्रगतिशील किसानों को करेंगे सम्मानित

हिसार : चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा 1 अक्टूबर को आयोजित किए जाने वाले दो दिवसीय कृषि मेले की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कुलपति ने समीक्षा बैठक में वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेले में समुचित प्रबंध करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेले के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि होंगे जबकि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

मेले में हर साल हरियाणा सहित पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से हजारों की संख्या में किसान जुटते हैं। इस दौरान प्रदेश के 45 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने बताया कि कृषि मेला दतोपंत ठेंगड़ी कृषि उद्यमिता स्थल, गेट नंबर 3 बालसमंद रोड़ पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषि और उससे संबंधित विभिन्न व्यवसायों व अन्य उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदेश के 45 प्रगतिशील किसानों का चयन किया गया है जिन्हें कृषि मेले में सम्मानित किया जाएगा।

सम्मानित किए जाने वाले इन किसानों में करनाल से पलविंदर सिंह और देवेन्द्र सिंह शामिल हैं। मण्डकोला से सुशील डागर और किशोर, सदलपुर से बलजीत यादव और प्रीति, भिवानी से राजकुमार तंवर और बिजेन्द्र सिंह, यमुनानगर से जसमींदर सिंह और अंजू रानी, पानीपत से बिजेंद्र सिंह और नीलम के नाम हैं। महेन्द्रगढ़ से जयप्रकाश और संगीता, जींद से राममेहर और विरेन्द्र तथा कैथल से प्रदीप कुमार और प्रवीन कुमार हैं। फरीदाबाद से शशांक त्यागी और सविता शर्मा, पंचकुला से तरनजीत सिंह बैदवान और अंबिका राणा, सोनीपत से जिले सिंह व सौभाग्यवती तथा कुरुक्षेत्र से संदीप चहल और अनुराधा शामिल हैं। छपेड़ा (नूंह) से प्रीति, फतेहाबाद से रणधीर सिंह और सुनिता, झज्जर से नीरज कुमार और सुशीला, अंबाला से हरविन्द्र सिंह और अमरीता रानी तथा बावल से दिनेश कुमार और हनुमान के नाम है। इसके अलावा रोहतक से देवेंद्र सिंह और प्रवीण, सिरसा से मोहन लाल और नीतू रानी, साइना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान (हिसार) से विनोद कुमार व मनीषा, हांसी से कुलवीर सिंह और राजकुमार पहल, चरखी दादरी से सतीश कुमार और सुरनजीत शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में किया है महत्वपूर्ण कार्य

प्रगतिशील किसानों ने बीज उत्पादन, फसल विविधीकरण, जैविक खेती, पशुपालन, बेकरी उत्पादन, प्राकृतिक खेती, मधुमक्खी पालन, सब्जी उत्पादन, संसाधन संरक्षण, डेयरी फार्मिंग, बैग निर्माण, धान की सीधी बिजाई, फसल अवशेष प्रबंधन, एफपीओ, सब्जियों एवं फलों का मूल्य संवर्धन, महिला सशक्तिकरण, खाद्य प्रसंस्करण, हाई-टेक नर्सरी, कटिंग एवं टेलरिंग, बागवानी, केंचुआ खाद उत्पादन, एकीकृत एवं समन्वित कृषि प्रणाली, फसल चक्र, मशरूम (खुम्ब) उत्पादन, डी.एस.आर. एवं जीरो टिलेज, और स्वयं सहायता समूह के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किया है।

फोटो कैप्शन: कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज बैठक में कृषि मेला की व्यवस्थाओं के लिए गठित कमेटियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए

RELATED NEWS

Most Popular