Friday, November 21, 2025
Homeदेशचुनाव प्रचार अंतिम चरण में : रोहतक जिले की चार सीटों पर...

चुनाव प्रचार अंतिम चरण में : रोहतक जिले की चार सीटों पर भाजपा व कांग्रेस के बीच मुकाबला

शांतिप्रकाश जैन : रोहतक। जिले की चारों विधानसभा चुनाव में प्रचार अपने अंतिम चरण पर है जो कि अब चरम सीमा पर पहुंच चुका है। चुनाव प्रचार 3 अक्तूबर को शाम 6 बजे थम जाएगा। सभी राजनीतिक दल जिले में अपने-अपने प्रत्याशियों को जीताने के लिए ताबड़-तोड़ चुनाव रैलियां, रोड़ शो और चुनावी सभा विजयी बनाने के लिए प्रचार में जुटे रहे। जिले की चारों सीटों पर बहुकोणिय मुकाबला बताया जा रहा है लेकिन वास्तविकता में जिले की चारों विधानसभा सीटों में कांग्रेस और भाजपा के बीच अहम मुकाबला बताया जा रहा है।

भाजपा ने जिले की चार सीट में से तीन सीटों पर नए चेहरे उतारकर एक बड़ा दांव खेला। महम सीट से दीपक हुड्डा, कलानौर आरक्षित सीट से रेणु डाबला व गढ़ी सांपला किलोई से मंजू हुड्डा को प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि रोहतक विधानसभा सीट से भाजपा ने पुराने धुरंधर मनीष ग्रोवर को पांचवी बार चुनाव मैदान में उतारकर आजमाइश की है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ग्रहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित अनेक केंदीय मंत्री अपने दल के प्रत्याशियों के प्रचार में जनसभाएं कर चुके है।

कांग्रेस उच्च कमान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर विश्वास करते हुए 3 पुराने कांग्रेसी नेताओें को पुनः चुनाव मैदान में उतारा है। रोहतक सीट से विवर्तमान विधायक भारत भूषण बतरा, कलानौर से शकुंतला खटक, गढ़ी सांपला किलोई से भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर दांव खेलकर कांग्रेस ने चुनाव को रौचक बना दिया है। वही महम विधानसभा सीट से एक नए चेहरे बलराम दांगी को 2024 के चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। बलराम दांगी पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी के पुत्र है। जिन्हे भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बेहद नजदीकी बताया जाता है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र सिंह हुड्डा अपने दल के प्रत्याशियों को जीताने के लिए चुनावी सभाएं कर चुके है।

इन आठ प्रत्याशियों के अलावा जिले की चार विधानसभा सीटों पर विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के रूप में 52 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे है। चुनाव प्रचार में सभी राजनीतिक दल अपने विपक्षी दलों की नीतियों और नेताओं पर तीखे हमले करके अपने दल के प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील कर रहे है। जिले में कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराने में कामयाब हो पा रहे है।

सभी राजनीतिक दल विपक्षी राजनीतिक दलों पर दलितों और पिछड़ो की अनदेखी का आरोप लगाने में नहीं चूंक रहे है। यह सभी दल सत्ता में आने पर अनेक लोक-लुभावनी घोषणाएं कर मतदाताओं को अपने प्रत्याशी को सफल बनाने के लिए अपील कर रहे है। कोई भी राजनीतिक दल बढ़ते भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की बात नहीं कर रहा है।

रोहतक जिले में 8 लाख 34 हजार 697 मतदाता हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 में आगामी 5 अक्तूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं में से 4 लाख 41 हजार 681 पुरुष मतदाता तथा 3 लाख 93 हजार 16 महिला मतदाता हैं। जिला में 831 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

RELATED NEWS

Most Popular