रोहतक : हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने कहा कि इंसान के जीवन की सबसे अच्छा साथी पुस्तक है। शिक्षा ही मनुष्य को सभ्य बनाकर समाज में स्थान दिलाती है। वो बुधवार को श्री 1008 श्री शांतिनाथ भगवान दिगम्बर जैन मंदिर जैन जती जी में आयोजित हो रहे पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।
वहीं पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर कहा कि इस्लाम के नाम पर कायरतापूर्ण और घिनौनी हरकत की गई है। सरकार इस मामले में कड़ा एक्शन लेगी। धर्म और जाति पूछकर गोली मार देना, बहुत ही कायरतापूर्ण हरकत है। हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने कड़ा संदेश दिया है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि वो आज मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज का प्रवचन सुनकर धन्य हो गए। महिपाल ढांडा ने कहा कि आज विश्व में भारत राजनीतिक मजबूती के चलते काफी पायदान उपर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व राजनीतिक सोच कमजोर रही थी जिसका प्रभाव भारत के विकास पर भी पड़ा।
श्री 1008 भगवान शांतिनाथ जैन दिगम्बर मंदिर झज्जर रोड़ पर आयोजित 7 दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा समारोह के छठे दिन श्रद्धालुओं ने अनेक धार्मिक अनुष्ठान किए। छठे दिन प्रातः 6 बजे जलाभिषेक और शांतिधारा का आयोजन किया। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं ने मिलकर भगवान के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। प्रतिष्ठाचार्य नितिन भैया ने विनय पाठ तथा ज्ञान कल्याणक पूजा का आयोजन किया। समाजसेवी एवं उघोगपति विजय कुमार जैन, राजेश जैन की अध्यक्षता में सारे धार्मिक, मांगलिक कार्यक्रम सम्पन्न हुए।