Saturday, October 17, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में 22 से 28 अक्टूबर तक होंगी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, सरकारी...

रोहतक में 22 से 28 अक्टूबर तक होंगी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थी लेंगे भाग

रोहतक : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में तथा उपायुक्त रोहतक सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में बाल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय बाल प्रतियोगिताओं का आयोजन 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक जिला बाल भवन, पुलिस लाइन के नजदीक, रोहतक में किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिला के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताओं के अंतर्गत समूह गान, समूह नृत्य, एकल गायन, एकल नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, वन-एक्ट प्ले, फैंसी ड्रेस, डिक्लेमेशन, पोस्टर मेकिंग, कलश एवं थाली सजावट तथा क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनका मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें अपनी कला और कौशल का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि रोहतक जिला के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को कक्षा के अनुसार चार समूहों में विभाजित किया गया है। प्रथम समूह में कक्षा पहली से पांचवीं, द्वितीय समूह में कक्षा छठी से आठवीं, तृतीय समूह में कक्षा नौवीं एवं दसवीं तथा चतुर्थ समूह में कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। 22 अक्टूबर को द्वितीय समूह (कक्षा 6 से 8), 23 अक्टूबर को प्रथम समूह (कक्षा 1 से 5), 27 अक्टूबर को तृतीय समूह (कक्षा 9 एवं 10) तथा 28 अक्टूबर को चतुर्थ समूह (कक्षा 11 एवं 12) के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगामी मंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को और निखारने तथा उच्च स्तर पर रोहतक जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अशोक शर्मा ने जिला के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने विद्यालयों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिल सके।

RELATED NEWS

Most Popular