रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नागरिक अस्पताल, रोहतक के भवन की विशेष मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अस्पताल में चल रहे विशेष मरम्मत व अपग्रेडेशन कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सचिन गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने तथा सभी कार्यों की एक प्राथमिकता-आधारित सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूची इस प्रकार बनाई जाए कि किन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पहले किया जाना है और किन कार्यों को बाद में पूरा किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वप्रथम आईसीयू से संबंधित कार्यों को पूर्ण किया जाए, क्योंकि यह सीधे गंभीर मरीजों की सुविधाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि आईसीयू का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।
उपायुक्त ने अस्पताल भवन की छत पर चल रहे मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राइवेट वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, मदर एंड चाइल्ड हेल्थ केयर, ओपीडी तथा शौचालयों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि नागरिक अस्पताल के इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया जा रहा है। अस्पताल के अपग्रेडेशन के लिए सरकार द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। यह कार्य पिछले तीन महीनों से चल रहा है तथा अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि कौन-कौन से कार्य लंबित हैं, उन्हें पूरा करने में कितना समय लगेगा तथा किन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पहले पूरा किया जाना चाहिए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों को अच्छे निजी अस्पतालों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी दिशा में नागरिक अस्पताल रोहतक की इमारत का नवीनीकरण, मरम्मत तथा आधुनिक सुविधाओं का अपग्रेडेशन किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा स्वीकृत बजट के अनुसार विशेष मरम्मत कार्यों पर 4 करोड़ 57 लाख रुपये, आईसीयू की मरम्मत के लिए 55 लाख रुपये, फायर फाइटिंग सिस्टम के लिए 2 करोड़ 15 लाख रुपये तथा फॉल्टी वीसीबी को बदलने पर 20 लाख 48 हजार रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि अस्पताल का अपग्रेडेशन पूर्ण होने के बाद यहां आने वाले मरीजों को और अधिक बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र, बिल्डिंग इंचार्ज डॉ. मधुलिका, नोडल अधिकारी डॉ. तरुण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

