हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दादा बाढ़देव पूनिया के जन्मोत्सव व मुख्यमंत्री सम्मान समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में घोषणा करते हुए कहा कि खरक पुनिया गांव के वर्तमान स्कूल को ‘संस्कृति मॉडल स्कूल’ के रूप में अपग्रेड किया जायेगा ताकि गांव के ही स्कूल में बच्चों को उच्च कोटि की शिक्षा उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने खरक पुनिया में एक सामुदायिक केंद्र का निर्माण करवाने के साथ-साथ यहां पर एक पुस्तकालय खोलने की भी घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने दो पुस्तकों का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री हिसार जिले के खरक पूनिया गांव में अखिल हरियाणा सर्वजातीय पूनिया समाज द्वारा दादा बाढ़देव जी पूनिया के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने दादा बाढ़देव जी को नमन करते हुए कहा कि दादा बाढ़देव जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि जब समाज संगठित और अनुशासित होता है तो हर समस्या का समाधान आसान हो जाता है। उन्होंने समाज को सदैव सत्य, अनुशासन और भाईचारे को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। दादा बाढ़देव जी ने यह भी विश्वास दिलाया कि समाज की भलाई के लिए खड़ी खाप कभी कमजोर नहीं पड़ती। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूनिया खाप ने सदैव देश, समाज और जनहित को सर्वोपरि स्थान दिया है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार दादा बाढ़देव जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने पूनिया खाप से आग्रह किया कि वह युवा पीढ़ी को सही दिशा में प्रेरित करे, जिससे युवा नशे से दूर रहें और आने वाली पीढ़ियां सशक्त एवं सक्षम बन सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी अपील की कि सभी लोग युवाओं को शिक्षा, खेल और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 50 वादों को पहले ही वर्ष में पूरा कर उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, सेवा मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, हरियाणा भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया, विधायक विनोद भयाणा, रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री डॉ कमल गुप्ता व अनूप धानक, पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स, भाजपा महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला परिषद अध्यक्ष सोनू, मेयर प्रवीण पोपली, अध्यक्ष सरस डेरी ओम प्रकाश पूनिया, आशा खेदड़, अशोक सैनी सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।

