Thursday, August 27, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में डेयरियों पर फिर शिकंजा शुरू, दो संचालकों के 1 लाख...

रोहतक में डेयरियों पर फिर शिकंजा शुरू, दो संचालकों के 1 लाख के चालान, सोमवार से होगी सीलिंग

Rohtak News : रोहतक नगर निगम ने शहर में डेयरियों से निकलने वाले गोबर एवं अन्य अपशिष्ट के कारण लोगों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की टीम ने गुरुवार को माल गोदाम रोड पर कार्रवाई करते हुए दो डेयरी संचालकों के एक लाख रुपये के चालान किए। वहीं, व्यवस्था में सुधार के लिए रविवार तक का समय दिया गया है। इसके बाद भी नियमों की अनदेखी हुई तो सोमवार को संबंधित डेयरियों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि शहर में डेयरियों से निकलने वाले गोबर एवं अन्य अपशिष्ट के कारण आमजन को दुर्गंध, गंदगी, जलभराव और आवागमन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम द्वारा डेयरी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी संचालकों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी कि सीवर या नालों में गोबर बहाने पर डेयरी को सील करने के साथ जुर्माना लगाया जाएगा।

इसी कड़ी में निगम की टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल के साथ माल गोदाम रोड पर डेयरियों की जांच और सीलिंग की कार्रवाई के लिए पहुंची। कार्रवाई के दौरान नालों और सीवर में गोबर बहाने वाले दो डेयरी संचालकों के एक लाख रुपये के चालान किए गए।

निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने स्पष्ट किया कि यदि रविवार तक डेयरी संचालकों द्वारा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो सोमवार को नियमों की अवहेलना करने वाली डेयरियों को सील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोबर के कारण शहर में पैदा हो रही गंदगी और आमजन की परेशानी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने डेयरी संचालकों से अपील की कि वे डेयरी और आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखें तथा गोबर एवं अन्य अपशिष्ट का उचित ढंग से निस्तारण करें। साथ ही गोबर को नालों और सीवर में न बहाएं, ताकि शहरवासियों को होने वाली असुविधा को रोका जा सके।

गरिमा टाइम्स की खबर का असर : 24 अगस्त को ‘चालान का असर चंद दिन, फिर नालियों में बहने लगा गोबर’ शीर्षक के साथ खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद रोहतक नगर निगम हरकत में आया।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular