Wednesday, August 26, 2026
HomeहरियाणाConstitution Day : सीएम नायब सिंह सैनी बोले- आज हम सबके लिए...

Constitution Day : सीएम नायब सिंह सैनी बोले- आज हम सबके लिए विशेष गर्व और गौरव का दिन

Constitution Day : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप अपनी प्रगतिशील सामाजिक और आर्थिक नीतियों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से प्रजातांत्रिक सिद्धांतों को निरंतर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। हरियाणा सरकार सबका साथ-सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास की धारणा पर चलते हुए आधुनिक भारत के महान दार्शनिक और राजनीतिज्ञ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन एवं अंत्योदय के विजन को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के प्रांगण में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस समारोह के अवसर पर सूचना जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी देशवासियों को संविधान दिवस व संविधान के अमृत महोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम सबके लिए विशेष गर्व और गौरव का दिन है। पूरे देश में आज संविधान का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। 26 नवम्बर, 1949 के दिन देश की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था। यही वह दिन है जब संविधान बनकर तैयार हुआ था। संविधान दिवस का मतलब देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आधुनिक भारत का सपना देखने वाले बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित संविधान बनाने वाले सभी महानुभावों को नमन करते हुए कहा कि आज से अगले पूरे एक वर्ष हम संविधान का अमृत महोत्सव मना रहे होंगे। यह वर्ष हमें सदियों से लोकतंत्र में भारतीयों के विश्वास की याद दिलाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की प्रस्तावना में जो वी द पीपल लिखा है, यह सिर्फ तीन शब्द मात्र नहीं हैं। यह वाक्य पूरे भारत के जनगण का प्रतिनिधित्व करता है। यह एकता की अपील है, अखण्डता की प्रतिज्ञा है और गणतंत्र में जन-जन के विश्वास की अभिव्यक्ति है, जिसे मदर ऑफ डेमोक्रेसी कहा जाता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित जनों को संविधान की प्रस्तावना का संकल्प भी दिलाया।

भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान : कश्मीरी लाल

इस अवसर पर मुख्य वक्ता कश्मीरी लाल ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। भारत देश में एक आदिवासी या किसी अमीर आदमी के वोट की कीमत एक है तो वो इस संविधान के कारण ही है। दुनिया के 17 देशों का संविधान भारत के संविधान के बाद बना और उन सब में एक से ज्यादा बार संवैधानिक संकट आए, मुश्किलें आईं, लेकिन केवल एक भारत का संविधान है जहाँ संवैधानिक संकट नहीं आया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया और तब से हर वर्ष इस दिवस को मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर उपायुक्त नेहा सिंह, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, पूर्व राज्यमंत्री  सुभाष सुधा, सरस्वती हैरिटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, पुलिस अधीक्षक  वरुण सिंगला, रजिस्ट्रार संजीव शर्मा,भाजपा नेता जय भगवान शर्मा, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील राणा, प्रदेश सचिव राहुल राणा, रविंद्र सागंवान, जय सिंह पाल, चेयरमैन धर्मवीर मिर्ज़ापुर, उपाध्यक्ष घुमन सिंह किरमच,डीएसडब्बलू डा. एके चौधरी, डा. महा सिंह पूनिया, डा. विवेक चावला सहित अन्य गणमान्य अतिथि व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular