Rohtak News : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की 27 मार्च को महम अनाज मंडी में प्रस्तावित ‘महम चौबिसी विकास रैली’ को स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के व्यस्त कार्यक्रमों और समय की कमी के कारण संगठन ने यह फैसला लिया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने मीडिया के नाम जारी बयान में इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का शेड्यूल अत्यधिक व्यस्त होने की वजह से फिलहाल रैली को टालना पड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैली रद्द नहीं हुई है, बल्कि इसे आगे बढ़ाया गया है। रैली की आगामी तिथि जल्द ही तय कर सार्वजनिक की जाएगी।
गौरतलब है कि महम अनाज मंडी में होने वाली इस रैली को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर काफी उत्साह था। अब नई तारीख घोषित होने के बाद दोबारा से रैली की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

