मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार खेल को केवल एक करियर ही नहीं, बल्कि जीवन शैली बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में स्कूल स्तर से ही खेलों को अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि बचपन से ही शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का संतुलन बना रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर खिलाड़ी को 20 लाख रुपये का मेडिकल बीमा कवर देने का संकल्प लिया गया है।
नायब सिंह सैनी रोहतक जिला के गांव किलोई स्थित श्री शिव कुमार मेमोरियल स्टेडियम परिसर में तीसरी अखिल भारतीय शिव कुमार स्मृति बास्केटबॉल प्रतियोगिता का बतौर मुख्यातिथि विधिवत शुभारंभ करने उपरांत उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री को महिलाओं ने भेंट किया दूध
कार्यक्रम में पहुंचने पर गांव की महिलाओं ने 101 घरों से एकत्र किया दूध मुख्यमंत्री प्रदान किया, सीएम नायब सैनी ने दूध की बाल्टी को मुंह लगाकर दूध पिया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेरी माताओं ने दूध से स्वागत कर मुझे ताकत देने का काम किया है। यह हमारी समृद्ध संस्कृति को दिखाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मां ही होती है, जो अपने बच्चों की चिंता करती है। उन्होंने दोनों हाथ जोडक़र माताओं को नमन किया।
उन्होंने शिव कुमार स्मृति स्टेडियम के कार्यों के लिए 21 लाख रुपए की धनराशि, गांव में शीघ्र महिला चौपाल का निर्माण तथा गांव की विभिन्न मांगों को शीघ्र पूर्ण करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने स्वर्गीय शिव कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति हमें देश के लिए बेहतर करने की प्रेरणा देती रहेगी। यह उनकी सोच का प्रतीक है, जो खेल के माध्यम से समाज को एकजुट और सशक्त बनाना चाहती थी।
खेलों को बढ़ावा देने व खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए बनाई नीति
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने व खिलाडिय़ों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ बनाये गए हैं। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाये गये। इसके अलावा, 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है। खिलाड़ियों के लिए क्लास-वन से क्लास-थ्री तक के पदों की सीधी भर्ती में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सबसे अधिक नकद पुरस्कार देता है। प्रदेश में अब तक खिलाड़ियों को 593 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 298 खिलाड़ियों को मानदेय भी दिया जा रहा है।
प्रदेश में बचपन से खिलाडिय़ों को तराशने के लिए संचालित की जा रही 1489 खेल नर्सरियां
सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले तथा पदक जीतने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। वर्ष 2014 से अब तक 29 हजार से अधिक छात्रों को 53 करोड़ 45 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। खेल विभाग द्वारा 15 हजार 634 खिलाडिय़ों को उपकरण प्रदान किये जा चुके हैं। खिलाडिय़ों को बचपन से ही तराशने के लिए 1,489 खेल नर्सरियां संचालित की जा रही है, जिनमें 37 हजार 225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन नर्सरियों में नामांकित 8 से 14 वर्ष की आयु के खिलाडिय़ों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष की आयु के खिलाडिय़ों को 2000 रुपये प्रति माह दिये जाते हैं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, खरखौदा के विधायक पवन खरखौदा, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, पूर्व मंत्री कृष्ण मूर्ति हुड्डा सहित अन्य गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।