चंडीगढ़ : एलपीजी संकट को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता उस स्थिति में पहुंच गई है जहां रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत भी लोगों को आसानी से उपलब्ध नहीं हो रही। देश के कई राज्यों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
अनुराग ढांडा ने कहा कि देश में एलपीजी उत्पादन में भारी गिरावट आई है और कई जगहों पर सिर्फ 2 से 3 दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। हालात इतने गंभीर हैं कि कई राज्यों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है और घरेलू सिलेंडर की बुकिंग के लिए 20 से 25 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। सरकार की इस लापरवाही का खामियाजा सीधे आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, क्लाउड किचन और छोटे फूड कारोबार पूरी तरह एलपीजी पर निर्भर होते हैं। लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि कई शहरों में होटल मालिकों को कोयला और लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है। हजारों छोटे कारोबार बंद होने की कगार पर हैं और लाखों लोगों की रोज़ी-रोटी पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।
अनुराग ढांडा ने हरियाणा की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के कई जिलों में हालात बेहद चिंताजनक होते जा रहे हैं। रोहतक, कैथल, सिरसा, अंबाला, पानीपत और करनाल जैसे शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप हो चुकी है। कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को सिलेंडर मिलने में 20 से 25 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रोहतक और आसपास के इलाकों में 3 से 4 दिन का ही गैस स्टॉक बचा होने की खबरें सामने आई हैं, जबकि कई जिलों में होटल और ढाबा संचालक लकड़ी और कोयले के चूल्हे पर काम चलाने को मजबूर हैं। कैथल में होटल और ढाबा संचालकों ने साफ कहा है कि अगर जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो उन्हें कारोबार बंद करना पड़ेगा।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा में ही साढ़े 3 लाख से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ता इस संकट से प्रभावित हो रहे हैं। कई जगहों पर गैस की मांग अचानक बढ़ने से एजेंसियों पर भारी दबाव है और हजारों लोगों ने डर के कारण एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। यह स्थिति बताती है कि सरकार हालात संभालने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि इस समय देश में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है। ऐसे में अगर गैस की सप्लाई इसी तरह प्रभावित रही तो लोगों को अपने पारिवारिक कार्यक्रम तक टालने पड़ सकते हैं। यह सिर्फ आर्थिक संकट नहीं बल्कि एक सामाजिक संकट बनता जा रहा है।
अनुराग ढांडा ने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश को आज तक का सबसे कमजोर और असंवेदनशील नेतृत्व मिला है। सरकार विदेशी दबाव और अंतरराष्ट्रीय हालात का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। सवाल यह है कि अगर सरकार को पहले से हालात का अंदाजा था तो एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक क्यों नहीं तैयार किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और बीजेपी सरकार को तुरंत इस संकट पर गंभीरता से काम करना चाहिए। एलपीजी की आपूर्ति को तुरंत सामान्य करने के लिए आपातकालीन कदम उठाने चाहिए, ताकि आम लोगों की रसोई और छोटे कारोबार दोनों बचाए जा सकें।
अनुराग ढांडा ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो यह संकट और गहरा जाएगा और इसका सबसे बड़ा नुकसान गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को उठाना पड़ेगा। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और देश की जनता की आवाज़ बनने का काम करेगी।

