Saturday, February 28, 2026
HomeहरियाणाCM नायब सिंह सैनी ने बाबैन में बनाए गए सरस्वती चौक के...

CM नायब सिंह सैनी ने बाबैन में बनाए गए सरस्वती चौक के सौंदर्यीकरण का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा के विकास को तेज गति के साथ करवाया जा रहा है। लाडवा में रोजाना किसी कार्य का शिलान्यास व किसी कार्य का उद्घाटन किया जा रहा है। विधानसभा के गांव व शहरी क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जब इन सभी कार्यों का निर्माण पूरा होगा तो प्रदेश में लाडवा विधानसभा दूसरी विधानसभाओं के लिए मॉडल का काम करेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को बाबैन में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने बाबैन में बनाए गए सरस्वती चौक के सौंदर्यीकरण का उद्घाटन किया। बाबैन पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबैन के नागरिकों की समस्याओं को सुना और उन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरस्वती चौक को 28 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इस चौक को 12 फीट लंबा, 7 फीट चौड़ा और 11 फीट ऊंचाई के साथ तैयार किया गया है। इस चौक को बनाने में प्रीमियम धौलपुर बेज सैंडस्टोन पत्थर का उपयोग किया गया है।

सीएम सैनी ने कहा कि सरस्वती चौक बाबैन कस्बे का एक प्रमुख और प्रसिद्ध स्थान है। यह चौक नगर का मुख्य केंद्र माना जाता है, जहां से आसपास के क्षेत्रों के लिए सड़कें जुड़ी हुई हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह केवल यातायात का मार्ग नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि इस चौक का नाम मां सरस्वती के नाम पर रखा गया है, जो ज्ञान, विद्या और कला की देवी मानी जाती हैं। यहां अक्सर धार्मिक, सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। त्योहारों और विशेष अवसरों पर चौक को सुंदर सजावट से सजाया जाता है, जिससे इसकी रौनक और भी बढ़ जाती है। सरस्वती चौक के आसपास कई दुकानें, बाजार और छोटे व्यवसाय स्थित हैं, जिससे यह क्षेत्र व्यापारिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यहां लोगों की रोजमर्रा की चहल-पहल बनी रहती है और यह स्थान स्थानीय समुदाय के मेलजोल का केंद्र बना हुआ है।

सीएम ने कहा कि उमरी में करीब 5 एकड़ में संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। राक्षी नदी को पक्का करने और लाडवा शहर में रास्ता निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह राजकीय पशु चिकित्सा पॉलिक्लीनिक बिहोली में स्थापित किया गया है। गांव धनौरा जाटान में खिलाडिय़ों के लिए खेल स्टेडियम तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि लाडवा के रामकुंडी के अग्रसेन चौक के सौंदर्यीकरण को किया गया है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में फसल खराब होने पर गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम के रूप में अब तक 15 हजार 448 करोड़ रुपये की राशि दी है। फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए 15 सितम्बर तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया था। इस नुकसान की भरपाई के लिए 53 हजार 821 किसानों को 116 करोड़ 15 लाख 57 हजार रुपये की मुआवजा राशि जारी कर दी है। इसमें बाजरे की फसल के लिए 35 करोड़ 29 लाख रुपये, कपास के लिए 27 करोड़ 43 लाख रुपये, धान के लिए 22 करोड़ 91 लाख रुपये और गवार के लिए 14 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हित हमारी नीतियों के केन्द्र में है। हमने अपने संकल्प पत्र 2024 में सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने का संकल्प लिया था। जब 17 अक्टूबर, 2024 को विधिवत रूप से हमारी सरकार बनी तो हमने 19 दिसम्बर को ही किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की अधिसूचना जारी कर दी थी। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 सीजन में अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। इतना ही नहीं, हमने पिछले 11 सालों में किसानों को फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 15 हजार 457 करोड़ रुपये दिये हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 7 हजार 233 करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाले गए हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को जड़ से खत्म किया है। हमने किसानों को नकली खाद, बीज और कीटनाशक बेचने व बनाने वालों से बचाने के लिए नया कानून बनाया है। इसके तहत ऐसे लोगों को 5 साल की सजा देने का प्रावधान किया है। खरीफ सीजन-2024 से किसानों की फसल खरीद का पैसा फसल का 48 घंटे के अन्दर डी.बी.टी. के माध्यम से दे दिया जाता है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, जयभगवान शर्मा डीडी, मार्केट कमेटी चेयरमैन जसविंदर जस्सी, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, सरपंच संजीव गोल्डी, प्रधान गुरनाम सैनी, प्रधान जितेंद्र खैरा, नायब सिंह पटाक माजरा, प्रिंसिपल डॉ. रमेश कुमार, अनिल माटा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular