Saturday, March 28, 2026
HomeदेशCM नायब सिंह सैनी ने अंबाला से अयोध्या के लिए तीर्थ यात्रियों...

CM नायब सिंह सैनी ने अंबाला से अयोध्या के लिए तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन को किया रवाना

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अंबाला से अयोध्या के लिए तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अगले महीने अप्रैल के आखरी सप्ताह में श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा ( नांदेड़ , महाराष्ट्र) के लिए तीर्थ यात्रियों हेतु विशेष ट्रेन जाएगी।

इससे पूर्व , मुख्यमंत्री ने तीर्थ यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण है। भगवान श्रीकृष्ण की इस पावन धरा से भगवान श्रीराम की जन्मभूमि, अयोध्या धाम के लिए इस विशेष तीर्थ ट्रेन को रवाना कर रहे हैं, तो उनको बड़े गर्व और गौरव का अनुभव हो रहा है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या की यह यात्रा केवल एक भौतिक सफर नहीं है, यह एक आध्यात्मिक परिवर्तन की यात्रा है। जब आप सरयू नदी के तट पर खड़े होंगे, जब आप हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे और जब आप उस भव्य राम मंदिर की दहलीज को छुएंगे, तो आपको उस ऊर्जा का अनुभव होगा जिसने भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाया था।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने तीर्थ यात्रा के लिए रेलवे के साथ अनुबंध किया है। उसके बाद आज पहली ट्रेन से सात जिलों के 700 बुजुर्गों को भेजा जा रहा है।  उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कैथल, करनाल, अम्बाला और जींद से बसों के माध्यम से अयोध्या में श्रीराम लला के दर्शन करवाए थे।

उन्होंने कहा कि अयोध्या जैसे तीर्थ भारतीय संस्कृति के जीवन की ऊर्जा के स्रोत हैं। भारतीय सभ्यता की पालक रही मां सिंधु नदी के दर्शन के लिए भी ‘स्वर्ण जयंती सिन्धु दर्शन’ योजना चलाई जा रही है। इसके तहत 10 हजार रुपये प्रति तीर्थ यात्री (अधिकतम 50 यात्रियों तक) वार्षिक वित्तीय सहायता देने का प्रावधान है। इसी प्रकार , ‘कैलाश मानसरोवर यात्रा’ योजना के तहत 50 हजार रुपये प्रति तीर्थ यात्री (अधिकतम 50 यात्रियों तक) वार्षिक वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना के तहत श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा (नांदेड), श्री ननकाना साहिब, श्री हेमकुण्ड साहिब और श्री पटना साहिब जाने वाले प्रदेश के तीर्थ यात्रियों को 6 हजार रुपये प्रति तीर्थ यात्री वित्तीय सहायता दी जाती है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री  असीम गोयल , सूचना , जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ,मुख्यमंत्री के ओएसडी  विवेक कालिया समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

RELATED NEWS

Most Popular