मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने बुधवार को भिवानी जिले बवानीखेड़ा में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस दुकानदारी खोले बैठी थी, लेकिन जनता ने विधानसभा चुनाव में उनकी दुकान पर बड़ा ताला लगा दिया। पहले तो कांग्रेस को थोड़ी सी आस भी थी कि सत्ता में आ जाएंगे,अब कांग्रेस की वो आस भी खत्म हो गई है। विधानसभा चुनाव की तरह निकाय चुनाव में कांग्रेस की हालत खराब है। पूरे हरियाणा में भाजपा के पक्ष में एक तरफ माहौल बना हुआ है। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तरह जनता हरियाणा के निकाय चुनाव में भी कांग्रेस को जीरो पर आउट करेगी।
ये हुए भाजपा में शामिल
जनसभा के दौरान इनेलो के टिकट पर चुनाव लड़ चुके आजाद वाल्मीकि, जाटू लुहारी के सरपंच जयदेव, तिगड़ाना के पूर्व सरपंच नेत्रपाल, रेवाड़ी खेड़ा के पूर्व सरपंच जोगेंद्र परमार, धनी हरसुख के पूर्व सरपंच हंसराज, अनिल सिंह, कप्तान मदन सिंह, कालू मेंबर, राम अवतार, नीरज परमार और महावीर अत्री भाजपा में शामिल हुए। सभी ने भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की बात कही।
कांग्रेस मुक्त हो रहा हरियाणा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसभा में कहा कि पिछले दिनों से हरियाणा के अलग–अलग हिस्सों में जनसभा की हैं। करनाल के लोग तो बोल रहे हैं कि करनाल को कांग्रेस मुक्त कर दिया। इसी तरह यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, रादौर, फरीदाबाद, मानेसर, गुरुग्राम, सोहना, रोहतक सहित जहां भी जनसभा की वो सभी जगह कांग्रेस मुक्त होने वाली हैं। अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा।